Sunday से आप के लिए खुल जाएगा लखनऊ का ‘म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट’, जानें इससे जुड़ी खास बातें

म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट
अपनी टीम के साथ म्‍यूजियम का निरीक्षण करते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हुसैनाबाद में बनकर तैयार हुए लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट में अवध की संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने लगभग 4973 वर्गमीटर में इस म्यूजियम का निर्माण कराया है। यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ द्वारा ग्रीन कॉरिडोर (समतामूलक से डालीगंज) के साथ ही इसका भी लोकार्पण करने के बाद अगामी रविवार यानि एक मार्च से म्‍यूजियम आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस नवनिर्मित म्यूजियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय की संरचना, प्रदर्शनी दीर्घाओं और पर्यटक सुविधाओं का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- नींद से जागे LDA ने सील कर दिया अपना ही हुसैनाबाद फूड कोर्ट, संचालन एजेंसी दबाए थीं 93 लाख

निरीक्षण के बाद एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को मीडिया से कहा है कि शासन की मंशा के अनुरूप शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस म्यूजियम का निर्माण कराया गया है। यह म्यूजियम लखनऊ की समृद्ध विरासत, कला, शिल्प परंपरा को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी से जोड़ने का काम करेगा। साथ ही स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देकर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

41.43 करोड़ हुए खर्च

म्यूजियम का निर्माण 41.43 करोड़ की लागत से किया गया है। यह प्रदेश की पहली ऐसी आईकॉनिक बिल्डिंग होने वाली है, जहां बिना किसी कॉलम या पिलर के सहारे के 45 मीटर लंबा कैंटीलीवर निर्मित किया गया है। म्यूजियम भवन की आकर्षक डिजाइन इस इमारत को एक अलग पहचान देती है।

म्‍यूजियम में इंट्री के लिए आपको कितना खर्च करना होगा अभी इस बारे में एलडीए टिकट का दाम तय नहीं कर सका है। हालांकि उम्‍मीद जताई जा रही कि इसके लिए 50 रुपये तक का टिकट प्राधिकरण लगा सकता है।

यह भी पढ़ें- ग्रीन कॉरिडोर, काला पहाड़ झील व हेरिटेज जोन के काम में लापरवाही के आरोप में एलडीए ने लगाया तीन ठेकेदारों पर 11 लाख का जुर्माना

म्यूजियम में अवध की ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। म्यूजियम में विभिन्न तरह की गैलरी विकसित की गयी हैं। जिनके नाम ‘मूल धारा, हुनर का सफर, हस्तशिल्प, सांझी आस्था, गंगा-जमुनी तहजीब, कारीगरी, महफिल-ए-अवध, नृत्यकला, नाट्यशाला, सोच एवं संवाद और जायका-ए-अवध’ हैं। इन गैलरी के माध्यम से अवध की संस्कृति को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा। म्यूजियम में वीआर गेमिंग एरीना भी बनाया गया है, जो दर्शकों को इतिहास से जोड़ने का नया अनुभव देगा।

यह भी पढ़ें- सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को संरक्षण देने वाले AE पर गिरी एलडीए वीसी की गाज, दो सुपरवाइजर भी निलंबित, ठेकेदार पर लगा पांच लाख का जुर्माना

निरीक्षण के दौरान एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव, नजूल अधिकारी प्रभाकर सिंह, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता मनोज सागर, अजीत कुमार व नीरज कुमार समेत अन्य इंजीनियर मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- निरीक्षण के दौरान CSI टावर की सातवीं मंजिल से एकाएक गिरी लिफ्ट, बाल-बाल बचे LDA VC व इंजीनियर, कंपनी पर FIR