आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के बारामती में हुए प्लेन क्रैश में अजित पवार के देहांत के मात्र तीन दिन बाद ही उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को अब महाराष्ट्र की नई डिप्टी सीएम बनाया गया है। शनिवार को राजभवन में हुए संक्षिप्त कार्यक्रम में गवर्नर ने सुनेत्रा पवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के साथ ही वे महाराष्ट्र के इतिहास की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं।
इस कार्यक्रम में सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मौजूद थे। वहीं जब सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली तो उनकी आंखें सूजी हुई थीं। पति के अचानक साथ छोड़कर चले जाने का दुख उनकी आंखों में साफ झलक रहा था। हालांकि तेरवहीं से पहले उपमुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने को लेकर काफी लोग हिन्दू रिति-रिवाज का हवाला देकर उनकी अलोचना भी कर रहे हैं।
वहीं शपथ ग्रहण के बाद लोकभवन में ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारे लगे। फिलहाल सुनेत्रा को कौन से विभाग मिलेंगे, यह अभी तय नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि अजित पवार के पास मौजूद रहे सारे विभाग ही उन्हें अलॉट किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- बारामती में अजित पवार का प्लेन क्रैश, डिप्टी सीएम समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत
राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। अब उन्हें छह महीने के अंदर चुनाव लड़कर असेंबली या विधान परिषद के जरिए महाराष्ट्र विधानमंडल का सदस्य बनना होगा। इस दौरान सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में शरद पवार परिवार का कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ।




















