आरयू स्पोर्ट्स डेस्क। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने रविवार को घोषणा की कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं जाएगी। इस फैसले के बाद यह सवाल उठने लगा है कि बांग्लादेश टीम अपने विश्व कप के मुकाबले कहां खेलेगी। ऐसे में पूरी संभावना है कि बांग्लादेश अपनी सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगी। बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ये फैसला लिया।
बीसीबी ने आइसीसी को एक औपचारिक मेल भेजा है, जिसमें कहा गया कि “सुरक्षा कारणों से टीम को भारत भेजना संभव नहीं है।” इससे पहले तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आइपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स से बाहर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप टीम का BCCI ने किया ऐलान, आयुष संभालेंगे कप्तानी की कमान
रविवार को बीसीबी की बैठक में 17 निदेशकों ने निर्णय लिया कि बांग्लादेश टीम टी20 विश्व कप 2026 में भारत में कोई भी मैच नहीं खेलेगी। बीसीबी ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि अनुबंध होने के बावजूद यदि कोई खिलाड़ी भारत में सुरक्षित नहीं खेल सकता, तो टीम के लिए भारत जाना सुरक्षित नहीं है।
यह भी पढ़ें- BCCI का KKR को निर्देश, बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर को टीम से हटाएं
हालांकि, बीसीबी के इस मेल पर आइसीसी की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं बीसीसीआई ने बांग्लादेश के मैचों को स्थानांतरित करने के विचार को “लॉजिस्टिक रूप से असंभव” बताकर खारिज कर दिया है।




















