मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारतीय एयरलाइंस ने कुछ देशों से फिर शुरू की उड़ानें

भारतीय एयरलाइंस

आरयू वेब टीम। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध से जुड़े हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण हजारों उड़ानें रद्द हैं। इस बीच यात्रियों को थोड़ी राहत देते हुए इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट सहित घरेलू एयरलाइंस ने शुक्रवार से मध्य पूर्व से आने-जाने वाली सीमित उड़ान सेवाओं को धीरे-धीरे फिर से शुरू कर दिया है।

इंडिगो ने बताया कि वह शुक्रवार को मध्य पूर्व के आठ गंतव्यों के लिए 17 उड़ानें (34 सेक्टर) संचालित करेगी और सरकार के साथ मिलकर सुरक्षित तरीके से सेवाएं पूरी तरह बहाल करने पर काम कर रही है। कई रिपोर्ट के अनुसार अफसरों द्वारा सऊदी अरब और ओमान के हवाई क्षेत्र खुले होने की पुष्टि के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा और मस्कट से आने-जाने वाली उड़ानों को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। इंडिगो ने ये भी कहा कि जिन यात्रियों की उड़ानें बुक हैं, उनसे एयरलाइन सीधे संपर्क करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरलाइन से सूचना मिलने के बाद ही एयरपोर्ट जाएं।

वहीं स्पाइसजेट ने कहा कि वह छह और सात मार्च को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत के लिए विशेष उड़ानें संचालित करेगी। इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए आठ मार्च को भी अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी। साथ ही एयर इंडिया ने छह मार्च को दुबई, रास अल खैमाह और फुजैराह जैसे केंद्रों से विशेष प्रत्यावर्तन (रिपेट्रिएशन) उड़ानें चलाने की भी घोषणा की है, हालांकि इसके लिए नियामक मंजूरी जरूरी होगी।

यह भी पढ़ें- तनाव के बीच ईरान ने बंद किया एयरस्पेस, एयर इंडिया -इंडिगो ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

इस दौरान एयरलाइन ने बताया कि पश्चिम एशिया के अन्य गंतव्यों के लिए निर्धारित उड़ान सेवाएं दस मार्च तक स्थगित रहेंगी। वहीं जिन यात्रियों के टिकट चार मार्च तक जारी हुए हैं और जिनकी यात्रा 28 फरवरी से आठ मार्च के बीच की है, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एक महीने के भीतर अपनी यात्रा दोबारा शेड्यूल कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- ईरान-इजराइल तनाव से हवाई यात्रा प्रभावित, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी