आरयू वेब टीम। जबरदस्त भूकंप से गुरुवार जापान की धरती हिल गई। जापान के होक्काइडो तट पर शक्तिशाली भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई। हालांकि अभी तक सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन भूकंप के जोरदार झटके लगने से इलाके में रहने वाले लोगों में दहशत फैली हुई है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप आने की पुष्टि कर बताया कि गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जापान के होक्काइडो इलाके में नेमुरो प्रायद्वीप के दक्षिण-पूर्वी तट पर भूकंप आया। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र 42.8 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 146.4 डिग्री पूर्वी देशांतर में मिला।
यह भी पढ़ें- अब हिमाचल प्रदेश में आया भूकंप, मची अफरा-तफरी
वहीं संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, बीते दिन भी भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 5.9 रही थी। बुधवार को नेमुरो से लगभग 107 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, 14.9 किलोमीटर की गहराई पर भूकंप आया था। दरअसल जापान में भूकंप या सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदा आने की भविष्यवाणी की चर्चा है। इसलिए जापान की सरकार ने और भूकंप वैज्ञानिकों ने अलर्ट जारी किया हुआ है। लोगों को आदेश है कि वे किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार रहें।
भारत के अरुणाचल प्रदेश में भी आया भूकंप
मालूम हो कि बीती रात भारत के अरुणाचल प्रदेश में भी भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 मापी गई थी और भूकंप का केंद्र पश्चिमी केमांग इलाके में धरती के नीचे दस किलोमीटर की गहराई में मिला। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश में बुधवार की दोपहर को भूकंप के झटके लगे थे। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 रही थी, हालांकि दोनों भूकंप से किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं मिली, लेकिन प्रदेश में अलर्ट जारी हो गया है।



















