टूलकिट केस में दिशा रवि की गिरफ्तारी को केजरीवाल ने बताया लोकतंत्र पर हमला

नया विधेयक

आरयू वेब टीम। किसानों के प्रदर्शन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि को बेंगलुरू से गिरफ्तार किया गया है। जिसपर सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विरोध किया है। साथ ही केजरीवाल ने इसे लोकतंत्र पर ‘अभूतपूर्व हमला’ बताया है।

केजरीवाल ने आज अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि ’21-वर्षीय दिशा रवि की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर अभूतपूर्व हमला है। अपने किसानों का समर्थन करना अपराध नहीं है।’

पुलिस ने रविवार को बताया कि दिशा रवि को दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ के दल ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोप लगाया कि भारत के खिलाफ वैमनस्य फैलाने के लिए रवि और अन्य ने खालिस्तान-समर्थक समूह ‘पोएटिक जस्टिस फाउंडेशन’ के साथ साठगांठ की। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर दावा किया, ‘ग्रेटा थनबर्ग के साथ टूलकिट साझा करने वालों में से रवि भी एक थीं।’

यह भी पढ़ें- ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामला: दिल्ली पुलिस ने क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि को किया गिरफ्तार

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि रवि को पूछताछ के लिए उनके घर से हिरासत में लिया गया और बाद में ‘टूलकिट’ बनाने एवं उसके प्रसार में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया। रवि बेंगलुरु के एक निजी कॉलेज से बीबीए की डिग्री धारक हैं और वह ‘फ्राइडेज फॉर फ्यूचर इंडिया’ नामक संगठन की संस्थापक सदस्य भी हैं।

पुलिस ने रवि को अदालत में पेश किया, जिसपर अदालत ने रविवार को जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने कहा कि भारत सरकार के खिलाफ कथित तौर पर बड़े स्तर पर साजिश रचने और खालिस्तानी आंदोलन में भूमिका को लेकर जांच करने के लिए हिरासत की आवश्यकता है।

सुनवाई के दौरान रवि अदालत कक्ष में रो पड़ीं और न्यायाधीश से कहा कि उन्होंने केवल दो लाइनें ही संपादित की थीं और वह किसान आंदोलन का समर्थन करना चाहती थीं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट देव सरोहा ने दिल्ली पुलिस को रवि से पूछताछ के लिए पांच दिनों की हिरासत की अनुमति प्रदान की।

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री ने किसानों से कहा, करूंगा हर तरह की मदद