ट्राई जंक्शन में पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर

नक्सली मुठभेड़

आरयू वेब टीम। चाईबासा के कुचाई थाना अंतर्गत जोमरो-झाझरा क्षेत्र में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली ढेर हो गए। पुलिस एवं सुरक्षाबलों ने मौके से एक हथियार को भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस एवं सुरक्षाबल एक करोड़ के इनामी नक्सली आनल दा के दस्ते के खिलाफ जिला पुलिस एवं सुरक्षाबल द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ के बाद आनल का यह नक्सली दस्ता घने जंगल में छिप गया है। इस दस्ते में अनल दा के अलावा कई इनामी नक्सली भी मौजूद है। फिलहाल नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। वहीं नक्सिलयों के मारे जाने की खबर पाकर पुलिस के बड़े पदाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार यह मुठभेड़ रुक- रुक कर करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग भी हुई है। जहां मुठभेड़ हुई है वह तीन जिलों पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां एवं खूंटी जिले का ट्राइजंक्शन बताया जाता है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मारे गए दोनों नक्सलियों का शव बरामद कर लिया है, साथ ही हथियार एवं रोजमर्रा के सामान भी बरामद किए गए हैं। इस अभियान में पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला खरसावां जिला पुलिसबल के अलावा कोबरा बटालियन के भी जवान शामिल थे।

यह भी पढ़ें- नारायणपुर में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, ITBP का जवान शहीद, एक घायल

गौरतलब है कि पुलिस एवं सुरक्षा बल पिछले करीब एक सप्ताह से एक करोड़ के इनामी आनल दा के दस्ते की तलाश में विभिन्न जंगलों में अभियान चला रही थी। इस क्रम में पहले तड़के करीब 4:30 बजे करीब 35-40 सदस्यों के इस दस्ते के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दस्ते में 15 से 25 लाख तक के इनामी नक्सली भी मौजूद है।

यह भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर: सोपोर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किए जैश के दो आतंकी