UP में बढ़ेगी कड़कड़ाती ठंड, पछुआ हवाओं से पांच दिनों में गिरेगा तापमान

ठंड
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर भारत में सर्द हवाओं ने एक बार फिर दस्तक दे दी है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शनिवार से प्रदेश में पछुआ हवाओं का दौर शुरू होगा, जिसके कारण रात का न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय कमी होगी और सुबह-शाम कोहरे व धुंध का असर देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार आज से उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं का दौर शुरू हो गया है। ये हवाएं हिमालयी क्षेत्रों से आ रही हैं और अपने साथ ठंडक व शुष्कता लेकर आई हैं। इनके असर से प्रदेश भर में अगले पांच दिनों के भीतर तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। साथ ही दिन के मुकाबले रात के तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान में कमी के कारण रातें और ठंडी होंगी। सुबह और शाम के समय कोहरे और धुंध का असर भी दिखाई देगा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है।

दरअसल शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में दिन की धूप में तपिश गायब रही। दोपहर बाद धुंध का असर और बढ़ गया। बाराबंकी और बुलंदशहर प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह संकेत है कि ठंड धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में अपना असर दिखा रही है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि शनिवार से प्रदेश में हवा का रूख बदलकर पछुआ हो जाएगा। हिमालयी क्षेत्रों से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के असर से तापमान में गिरावट होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में ठंड ने दी दस्तक, मौसम विभाग का अनुमान, तापमान में आएगी गिरावट

वहीं अलर्ट जारी कर कहा कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी। सुबह और शाम को धुंध और कोहरे का असर रहेगा। विजिबिलिटी कम होने से यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को रात के समय ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- लगातार गिर रहा यूपी का तापमान, दिसंबर-जनवरी में पहले से ज्‍यादा ठंड का अनुमान