आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में थोड़े दिन की राहत के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले लिया है। कोहरे के बढ़ते असर और धूप देर से निकलने की वजह से शुक्रवार सुबह ठिठुरन का अहसास बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कोहरे का असर बढ़ेगा और देर से धूप निकलने की वजह से सुबह और शाम को गलन जैसी स्थिति बनी रहेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने मीडिया को बताया कि न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी की प्रकृति का दौर जारी रहेगा, लेकिन कोहरा प्रदेश के 75 प्रतिशत जिलों में घना हो जाएगा। जहां देर से धूप निकल रही है वहां ठंड ज्यादा महसूस होगी। साथ ही बताया कि शुक्रवार को मुरादाबाद, प्रयागराज, श्रावस्ती, बरेली में सुबह दृश्यमा शून्य दर्ज की गई।
साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई, कानपुर, नजीबाबाद, अयोध्या और बिजनौर में चार डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 4.1, मुरादाबाद में 4.2, अलीगढ़ में 4.4, फुर्सतगंज में 4.6, गोरखपुर में 4.7 और बरेली में 4.8 डिग्री रहा। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- झांसी, वाराणसी व गोरखपुर समेत 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी, मौसम ने लिया U-Turn
वहीं बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल में आज अत्यंत घना कोहरा रहने के आसार।
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में शीत दिवस की संभावना जताई है।




















