आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को ठंडी पछुआ हवाओं ने अपनी आगोश में ले लिया है। शुक्रवार को कानपुर शहर सबसे ठंडा रहा। वहीं इटावा, बरेली अयोध्या, बाराबंकी और बुलंदशहर में रात का तापमान दस डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया, जबकि बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा आदि में भी रात में ठंडी पछुआ के साथ कड़ाके की ठंड रही और पारा दस डिग्री के आस-पास रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार यूपी में भीषण सर्दी पड़ेगी। साथ ही शनिवार के लिए प्रदेश के मध्यांचल के लगभग 17 जिलों में रात में आंशिक शीतलहर की संभावना जताई गई है। मौसम में ये बदलाव अगले दो दिनों तक रह सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार अगले दो दिनों में यूपी में दिन व रात के पारे में एक डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आएगी। इसके बाद 16 नवंबर से बदलते माैसम और गिरते पारे में कुछ दिनों के लिए ठहराव के संकेत हैं। इस बीच कहीं-कहीं सुबह और शाम कोहरा छाया रह सकता है। वहीं लखनऊ में दिन में पछुआ की रफ्तार धीमी पड़ने से दिन के पारे में हल्की बढ़ोतरी रही।
यह भी पढ़ें- मॉनसून की विदाई के साथ बदला मौसम, रात में बढ़ी सिहरन
माैसम विभाग का कहना है कि अगले लखनऊ में अगले दो दिनों में दिन व रात के पारे में एक डिग्री की और गिरावट आएगी। इसके बाद गलन भरी पछुआ की रफ्तार और कम हो जाएगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक का कहना है कि शनिवार के बाद पारे का गिरना थमेगा। हवा का रुख पछुआ से उत्तरी होने के संकेत हैं।




















