आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में भीषण शीतलहर और कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसे देखते हुए राज्य सरकार और विभिन्न जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी बढ़ाने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूल 14 जनवरी 2026 तक बंद करने का आदेश दिया है।
प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कक्षा एक से आठवीं तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों को 14 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। अब मकर संक्रांति के बाद 15 जनवरी को ही स्कूल खुलेंगे। स्कूल बंद का आदेश विशेष रूप से लखनऊ, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज और नोएडा जैसे क्षेत्रों में सख्ती से लागू किया गया। यहां कोहरे का असर सबसे ज्यादा है।
वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके कारण सुबह और शाम के समय तापमान के शून्य के करीब पहुंचने की आशंका है। छोटे बच्चों के लिए इतनी ठंड में स्कूल जाना स्वास्थ्य के लिहाज से चैलेंजिंग हो सकता था। अब ये सभी स्कूल 15 जनवरी 2026 से अपने नियमित समय पर खुलेंगे, बशर्ते मौसम में सुधार हो।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में शीतलहर-कोहरे के चलते बदली स्कूलों की टाइमिंग, DM ने जारी किया आदेश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। सुबह के समय विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रहने के कारण सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है।



















