आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में शुक्रवार को तबादला एक्सप्रेस चली है। जिसमें पांच आइएएस व चार पीसीएस अफसरों का तबादला किया गया है, जबकि प्रतीक्षारत चल रहे दो अधिकारियों को भी तैनाती दी गई है। जारी लिस्ट के मुताबिक
लोक निर्माण विभाग के सचिव प्रकाश बिंदु को गृह विभाग भेजा गया है।
वहीं नोएडा में इंजीनियर की मौत के मामले में हटाए जाने के बाद प्रतीक्षारत चल रहे लोकेश एम. को पीडब्ल्यू में सचिव बनाया गया है। साथ ही प्रतीक्षारत चल रहीं महेंद्र प्रसाद को उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट में 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर, अचल संपत्ति मात्र पांच हजार में होगी ट्रांसफर
इसी तरह उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की निदेशक नीना शर्मा को सार्वजनिक उद्यम विभाग का प्रमुख सचिव एवं महानिदेशक बनाया गया है। वहीं सार्वजनिक उद्यम के महानिदेशक संजय कुमार को उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का निदेशक बनाया गया है।
साथ ही धर्मार्थ कार्य विभाग के विशेष सचिव रघुबीर को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार को धर्मार्थ कार्य विभाग में विशेष सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इन पीसीएस अफसरों की बदली कुर्सी
वहीं शासन ने आज चार पीसीएस अफसरों का तबादला कर दिया। झांसी में एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह द्वितीय को गोंडा भेजा गया है। मथुरा में एडीएम (न्यायिक) सुरेंद्र कुमार को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि जालौन में एसडीएम वेद प्रिय आर्य को मथुरा का एडीएम (न्यायिक) बनाया गया है।
इसके अलावा गुलाब सिंह को बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी के विशेष कार्याधिकारी कुशीनगर का एडीएम (न्यायिक) के पद पर तैनाती दी गई है।




















