आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में स्पेशल इंसेंटिव रिवीजन यानी एसआइआर को लेकर अपडेट सामने आई है। यूपी में कल यानी 31 दिसंबर को एसआइआर की ड्राफ्ट लिस्ट जारी होनी थी, लेकिन इसमें एकाएक संशोधन किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने इसकी नई तारीख जारी कर दी है। अब यूपी में छह जनवरी 2026 को ड्राफ्ट लिस्ट प्रकाशित की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए संशोधित कार्यक्रम साझा किया है। जिसमें बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि एक जनवरी, 2026 के आधार पर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की घोषित तिथियों में संशोधन करते हुए नई तिथियां जारी कर दी गई है। संशोधित तिथियों के अनुसार अब मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन छह जनवरी, 2026 को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि छह जनवरी से छह फरवरी, 2026 तक निर्धारित की गई है। वहीं फाइनल वोटर लिस्ट छह मार्च को जारी होगी।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2025 तक उत्तर प्रदेश में कुल 15.44 करोड़ रजिस्टर्ड वोटर थे। जांच के बाद इनमें से लगभग 2.89 करोड़ लोगों के नाम काटे जाएंगे। करीब 1.11 करोड़ मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा। जिन 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाएंगे, इनमें से 1.26 करोड़ मतदाता अब उस पते पर नहीं रहते यानी वे दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- SIR समीक्षा बैठक में CM योगी का अफसरों को निर्देश, हर बूथ पर दो टीमें बनाकर पात्र वोटर्स की करें पहचान
इसके अलावा 83.73 लाख मतदाता अबसेंट हैं यानी लंबे समय से अपने पते पर नहीं मिल रहे हैं। 46 लाख ऐसे नाम हैं जिनका निधन हो चुका है। 23.70 लाख नाम ऐसे मिले जो एक से ज्यादा जगह दर्ज थे, जबकि 9.57 लाख वोटरों के नाम अन्य तकनीकी कारणों से हटाए जा रहे हैं। एसआइआर का मुख्य उद्देश्य चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को पूरी तरह सही और पारदर्शी बनाना है।
इस दौरान आपका नाम ड्राफ्ट लिस्ट में है या नहीं। इसकी जांच आप ऑनलाइन भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको चुनाव आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाना होगा। अपना जिला और विधानसभा केंद्र चुनें और यहां अपना नाम सर्च करें। ऑफलाइन के लिए आपको अपने इलाके के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क करना होगा। हर बीएलओ के पास वोटर ड्राफ्ट लिस्ट की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाती है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम ढूंढे।




















