आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार आइपीएस, पीपीएस, आइएएस, पीसीएस अफसरों के तबादले हो रहे हैं। ऐसे में गुरुवार को भी तबादला एक्सप्रेस चली है। जिसमें तीन सीनियर आइपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया। इस फेरबदल के तहत राज्य के प्रमुख पुलिस पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
जारी लिस्ट के मुताबिक आइपीएस मुथा अशोक जैन को गोरखपुर जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में एडीजी के पद पर कार्यरत थे। अब वे गोरखपुर क्षेत्र की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, पीसी मीणा को पुलिस महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह आंशिक रूप से इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन अब उन्हें पूर्णकालिक डीजी कारागार बना दिया गया है। इसके तहत वह प्रदेश की जेल प्रणाली की निगरानी और सुधार कार्यों को गति देंगे।
यह भी पढ़ें- UP में पांच सीनियर IPS अफसरों का तबादला, सुजीत पांडेय संभालेंगे ADG लखनऊ जोन की जिम्मेदारी
इसके अलावा, डॉ. के एस प्रताप कुमार को पुलिस महानिदेशक (सीएमडी), पुलिस आवास निगम की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वे गोरखपुर जोन में कार्यरत थे। अब वह प्रदेश में पुलिस आवास निर्माण, सुधार और संबंधित परियोजनाओं को संभालेंगे।
मालूम हो कि अभी कुछ ही दिन पहले पांच सीनियर आइपीएस अफसरों के तबादले किए गए थे, जिनमें पूर्व लखनऊ पुलिस कमिश्नर एसबी सिरोडकर, सुजीत पाण्डेय सहित, आशीष तिवारी व रोहित सजवान का स्थानान्तरण किया गया था।



















