UP पहुंची “भारत जोड़ो यात्रा” में शामिल प्रियंका का कटाक्ष, अडानी-अंबानी के हाथों बिके बड़े-बड़े नेता, लेकिन मेरे भाई को कभी नहीं पाएंगे खरीद

भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी के साथ चलतीं प्रियंका।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/गाजियाबाद। भारत जोड़ो यात्रा एक बार फिर से शुरू हो गई है। मंगलवार को कड़ाके की ठंड में भी लाखों की संख्या में लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं। लोगों में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से प्रियंका गांधी यात्रा में शामिल हुईं थीं। यूपी प्रवेश के दौरान गाजियाबाद में मंच से प्रियंका गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अडानी और अंबानी मेरे भाई को नहीं खरीद पाए।

गाजियाबाद में मंच संभालते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “मेरे बड़े भाई… इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्चें। इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाईं गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं। अडानी जी-अंबानी जी ने बड़े से बड़े नेता खरीद लिए। देश के सभी पीएसयू खरीद लिए। देश की मीडिया खरीद ली। लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए। न कभी खरीद पाएंगे।”

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा, “कोई मुझसे पूछ रहा था कि आपके भाई को ठंड नहीं लगती। आपको डर नहीं लगता, इनकी सुरक्षा के लिए। मेरा जवाब ये है कि ये सत्य का कवच पहनकर चल रहे हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। सब साथ चलिए। एकता, संभावना, प्यार का पैगाम लेकर चलिए।” इस दौरान मंच पर राहुल और प्रियंका गांधी एक साथ ही पहुंचे। इसके बाद मंच से दोनों (राहुल और प्रियंका) ने लोगों का अभिवादन किया। दोनों कांग्रेस नेता से ज्यादा भाई-बहन की तरह नजर आए। प्रियंका के कंधे पर हाथ रखे हुए राहुल एक भाई की तरह दुलार दिखाते रहे।

यह भी पढ़ें- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के सौ दिन पूरे, कांग्रेस ने गिनाईं इसकी उपलब्धी, कहा आम जनता के मुद्दे हुए उजागर

वहीं आज यात्रा में पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की भतीजी 78 वर्षीय दीपा कौल भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा की उत्तर प्रदेश की हवाएं बता रही हैं, जल्द मौसम बदलने वाला है। शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी आज राहुल के साथ कदमताल करते दिखीं। यात्रा शाम पांच से छह बजे के बीच बागपत में एंट्री करके मवी कलां में नाइट स्टे करेगी।

यह भी पढ़ें- भारत जोड़ो यात्रा पर अखिलेश का यूटर्न, आमंत्रण के लिए राहुल को धन्‍यवाद दे, की सफलता की कामना