भारत जोड़ो यात्रा पर अखिलेश का यूटर्न, आमंत्रण के लिए राहुल को धन्‍यवाद दे, की सफलता की कामना

सरकार की गलत नीतियां
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीन जनवरी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होनी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली इस यात्रा में शामिल होने के लिए कई विपक्षी दलों के नेताओं को भी न्योता मिला है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूटर्न ले लिया है। अब इस यात्रा को लेकर उनका मिजाज भी बदलता हुआ नजर आ रहा है। वहीं अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा को लेकर एक चिट्ठी लिखी है। उन्होंने खुद ही ये चिट्ठी अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट भी की है।

वहीं अपनी चिट्ठी के जरिए अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं। इसी के साथ उन्हें यात्रा में आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद भी कहा है। चिट्ठी में कहा है कि ‘प्रिय राहुल जी, भारत जोड़ो यात्रा में आमंत्रण के लिए धन्यवाद और इस मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक भाव है, जिसमें प्रेम, करुणा, अहिंसा, सौहार्द और सहयोग ही वो सकारात्मक तत्व हैं, जो भारत को जोड़ते हैं। आशा है ये यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।’

यह भी पढ़ें- बोले ओपी राजभर, राहुल गांधी बन गए पसंदीदा नेता, भारत जोड़ो यात्रा से हैं प्रभावित

बता दे कि बीते दिनों अखिलेश यादव ने इस यात्रा के लिए निमंत्रण न मिलने की बात कही थी। इसी के साथ उन्होंने यहां तक प्रेसवार्ता में कह दिया था कि भाजपा और कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है। उनके इस बयान के साथ लग रहा था कि वह कांग्रेस के विरोध में ही रहेंगे, हालांकि अब उनका मन बदलता हुआ नजर आ रहा है।

बीते दिनों अखिलेश यादव के इस यात्रा में शामिल होने और आमंत्रण पत्र मिलने को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल किया गया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने इनवाइट न मिलने की बात कही थी। हालांकि अब उनके द्वारा खुद ही ऐसी चिट्ठी लिखी गई है। हालांकि अखिलेश या विपक्ष के अन्य नेता इस यात्रा में शामिल होंगे या नहीं अभी इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने यूपी में भी निकाली भारत जोड़ो यात्रा नसीमुद्दीन बोले, बेरोजगारी, मंदी-महंगाई से जूझ रहा देश