आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में लगातार मौसम अपने तेवर बदल रहा है। सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। इस बीच कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलीं।
माैसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए प्रदेश के बुंदेलखंड के इलाके हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही 23 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी। आज की बात करें तो सोमवार को अलीगढ़, आगरा, गाजियाबाद, गोरखपुर में सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं बहराइच, अयोध्या, अमेठी, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ में दृश्यता 50 मीटर ने नीचे दर्ज हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के मुताबिक नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुदेलखंड, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज मंडल तक पहुंचेगा। प्रदेश में यह बदलाव चार फरवरी तक रहेगा। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
यह भी पढ़ें- मौसम ने फिर सख्त किए तेवर, 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी
वहीं मौसम विभाग ने इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बरेली बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत में घना से बहुत घना कोहरे की संभावना जताई है।




















