बड़ी खबर: यूपी TET की परीक्षा हुई रद्द, सेवा चयन आयोग ने बताई ये वजह

सहायक शिक्षक
प्रतीकात्‍मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 28 और 29 जनवरी 2026 को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) को निरस्त कर दिया है। आयोग की मानें ताो परीक्षा से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी न होने के कारण जनवरी में टीईटी का आयोजन संभव नहीं था। आयोग की ओर से टीईटी के साथ प्रवक्ता (पीजीटी) एवं प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रम जल्द जारी किए जाएंगे। टीईटी मई के मध्य में कराने की बात भी कही जा रही है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की मंगलवार को हुई बैठक में परीक्षा नियंत्रक को इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैठक में ये फैसला लिया गया कि आयोग की भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर भी तैयार किया जाए और उसी के अनुसार परीक्षाएं कराया जाना सुनिश्चित की जाए। नए अध्यक्ष प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में आज हुई पहली बैठक में परीक्षाओं की तारीख तो घोषित नहीं की गई, लेकिन इसका खाका जरूर तैयार किया गया।

इसी क्रम में बैठक में परीक्षा नियंत्रक को टीजीटी, पीजीटी भर्ती परीक्षाओं के साथ टीईटी के लिए भी तारीखों पर निर्णय लेने के लिए कहा गया। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक को अन्य भर्ती संस्थाओं के साथ समन्वय बनाने के लिए कहा गया। परीक्षा नियंत्रक को भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर भी बनाने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें- अब विशिष्ट BTC शिक्षकों को CTET आवेदन में मिलेंगे प्रशिक्षण के पूर्ण अंक

बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि अन्य भर्ती संस्थाओं की कार्यप्रणाली का अध्ययन करके और उनके साथ समन्वयक बनाकर केंद्रों के चयन का प्रारूप तैयार कर आयोग के सामने प्रस्तुत किया जाए। सदस्यों ने परीक्षा कराने वाली एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। शीतावकाश के बाद इन बिंदुओं पर किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कही गई। अध्यक्ष ने तय तारीख पर परीक्षाएं सुनिश्चित करने, शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में अन्य न्यायालय के आदेशों के पालन एवं अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा का शेड्यूल जारी, दो चरणों में होगा एग्जाम