UP विधानसभा उपचुनाव: भाजपा ने आठ व सपा ने जीती तीन सीट, जानें किस मिले कितने वोट

यूपी में विधानसभा उपचुनाव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में विधानसभा उपचुनाव के लिए हुए 11 सीटों के मतदान का नतीजा गुरुवार की शाम आ गया है। नतीजों के अनुसार भाजपा को एक सीट का नुकसान हुआ है। भाजपा ने 11 में से आठ सीटों पर जीत हासिल की है, पहले उसके पास नौ सीटें थीं। वहीं सपा ने तीन विधानसभा सीट अपने नाम की है। बसपा का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा, उसके सभी 11 उम्‍मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है, वहीं कांग्रेस का भी यही हाल रहा।

हालांकि चुनावी नतीजों के बाद तैयारी की बात करें तो यूपी के उपचुनाव के लिए भाजपा ने काफी मजबूती से तैयारी की थी, जबकि अखिलेश यादव की रामपुर की जनसभा को छोड़ दिया जाए तो सपा, बसपा व कांग्रेस के बड़े नेता कही भी उप चुनाव प्रचार के लिए नहीं गए।

यह भी पढ़ें- BJP ने बचाई कैंट विधानसभा सीट, सुरेश तिवारी ने 35 हजार वोटों से हासिल की जीत

यूपी विधानसभा चुनावी नतीजों के अनुसार तमाम विवादों के बाद भी सपा के ताकतवर नेता व सांसद आजम खान की पत्‍नी व सपा प्रत्‍याशी डॉ. तजीन फातमा रामपुर की सीट बचाने में कामयाब रहीं। उन्‍होंने बीजेपी के भारत भूषण गुप्‍ता को करीब आठ हजार वोटों से मात दी। तंजीम को जहां 78815 लोगों ने वोट दिया। वहीं भारत भूषण को 71226 मतदातों ने चुना था।

दूसरी ओर सपा के सुभाष राय ने अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट पर बसपा की डा. छाया वर्मा को करीबी मुकाबले में 790 मतों से हरा दिया। 2017 में यह सीट बसपा ने जीती थी। इसके अलावा बाराबंकी की जैदपुर सीट जीतने में भी सपा को कामयाबी मिली है। इस सीट पर सपा के गौरव कुमार ने भाजपा के अंबरीश रावत को 4165 मतों से हरा दिया। पिछली बार यह सीट बीजेपी के पास थी।

यह भी पढ़ें- जीरो से दस पर पहुंचीं मायावती ने अखिलेश से किया किनारा, BSP नेताओं से कहा, विधानसभा उपचुनाव अकेले लड़ने की करें तैयारी

लखनऊ कैंट से भाजपा के सुरेश तिवारी ने सपा के मेजर आशीष को 35428 वोटों, कानपुर के गोविंदनगर में भाजपा के सुरेंद्र मैथानी ने कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर को 21244, अलीगढ़ के इगलास में भाजपा के राजकुमार सहयोगी ने बसपा के अभय कुमार को 25937, प्रतापगढ़ में अपना दल (एस) के राजकुमार पाल ने सपा के ब्रजेश वर्मा को 29721, चित्रकूट के मानिकपुर में भाजपा के आनन्द शुक्ल ने सपा के निर्भय पटेल को 12840 मतों से मात दी।

यह भी पढ़ें- मायावती ने कहा, सपा को कुछ सीटें जिताने व BSP को एक भी सीट नहीं जीतने देने के पीछे भाजपा का षड्यंत्र

वहीं बहराइच जनपद के बलहा में भाजपा की सरोज सोनकर ने सपा की किरन भारती को 43683 मतों से हराया, जबकि घोसी में विजय राजभर ने सपा समर्थित सुधाकर सिंह को बेहद करीबी लड़ाई में 1773 मतों से हरा दिया।

यह भी पढ़ें- अब विधानसभा उपचुनाव में इस अंदाज में ड्यूटी करतीं नजर आईं पीली साड़ी वाली पोलिंग अफसर