यूपी: रेलवे स्‍टेशन पर पकड़ा गया साउथ अफ्रीका से तस्‍कारी कर लाया गया साढ़े तीन करोड़ का सोना

सोने की खेप
मीडिया को जानकारी देती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, वाराणसी। कैंट रेलवे स्‍टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस से 2.215 किग्रा सोने के बिस्किट के साथ दो तस्‍कर को जीआरपी और आरपीएफ ने आज गिरफ्तार किया है। सोने की 19 बिस्किट की खेप लेकर तस्‍कर दिल्ली जा रहे थे। आयकर और कस्टम अधिकारियों की टीम ने तस्‍करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

इस संबंध में पुलिस का कहना है कि जब डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर पहुंची तो मुखबिर की सूचना पर पुलिस की नजर दो संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी। पुलिस को अपनी ओर आता देख दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्‍हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों के कपड़ों में छिपाकर रखे गए सोने के बिस्कुट मिले। पकड़े गए तस्‍करों की पहचान बालासो जाधव (36) निवासी सतारा और तेजस पंवार (23) निवासी पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट पर पकड़ी गई प्राइवेट पार्ट में एक किलो सोना छुपा कर ले जा रही एयरहोस्टेस, भेजा गया जेल

इस दौरान जांच में कुल 19 गोल्ड बार बरामद हुए, जिनका कुल वजन 2.215 किलोग्राम पाया गया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ 54 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही। पुलिस के अनुसार तस्करों ने सोने के बिस्कुट को अपने पैंट के अंदर छिपा रखा था और इसके लिए कपड़े भी काटे गए थे ताकि सोना आसानी से छिपाया जा सके। वहीं पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि बरामद किया गया सोना 24 कैरेट का है। दक्षिण अफ्रीका से तस्करी कर बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के रास्ते कुंज बिहार होते हुए तस्‍कर नई दिल्ली जा रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद, अधिकारियों ने बताया कि सोने की यह खेप अवैध तरीके से लायी जा रही थी, जो कि भारतीय कानून के तहत गंभीर अपराध है। तस्करी के इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर से तस्करी के मामलों की गंभीरता को उजागर किया है।

यह भी पढ़ें- कस्टम ने अमौसी एयरपोर्ट पर पकड़ी तस्करी कर लाई गई लाखों की विदेशी सिगरेट व पाकिस्तानी क्रीम