वाराणसी पहुंची प्रियंका ने की छात्रों से मुलाकात, कही ये बातें

वाराणसी पहुंची प्रियंका
लोगों से बात करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचीं। यहां उन्होंने पंचगंगा घाट पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों और सिविल सोसायटी के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि पुलिस ने सीएए का विरोध कर रहे छात्रों से दुर्व्यवहार किया है। पुलिस ने मासूम बच्चों पर गलत धाराएं लगाई हैं, पीड़ित बच्चे यूनिवर्सिटी के छात्र हैं न कि दंगाई हैं।

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि ये छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। मुझे इन बच्चों पर गर्व है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जेल जाने वालों के साथ उनकी पार्टी खड़ी है। कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी तो सभी के मुकदमे खत्म किए जाएंगे। इस बीच मुकदमे लड़ने में कंग्रेस पार्टी मदद करेगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा द्वारा पारित किया गया सीएए लोकतंत्र विरोधी है। एनआरसी का भी उद्देश्य देश के संविधान की मूल आत्मा के खिलाफ है। कांग्रेस पार्टी देश के लोकतंत्र और संविधान को मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें- सदफ व दारापुरी की रिहाई पर बोलीं प्रियंका- निर्दोष व बाबा साहब की विरासत आगे बढ़ाने वालों को गिरफ्तार कर भाजपा सरकार ने दिखाई अपनी असली सोच

प्रियंका ने आगे कहा कि जो कानून हमारे लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को चुनौती देते नजर आते हैं, हमें सड़क पर उतर कर उनका विरोध करने से हिचकना नहीं चाहिए। कांग्रेस छात्रों, किसानों, नौजवानों सहित समाज के सभी वर्गों के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी एक ऐसी लीगल सेल बनाएगी जो सीएए के विरोध में देशभर में जेल जाने वाले लोगों को मुकदमा लड़ने में विधिक सहायता दे सके।

किया काशी विश्‍वनाथ का दर्शन

वहीं रविदास मंदिर में दर्शन के बाद लोगों से मुलाकात कर उन्‍होंने काशी विश्‍वनाथ दरबार में भी हाजिरी लगाने के साथ दर्शन पूजन किया। वहीं इससे पूर्व प्रियंका गांधी पंचगंगा घाट स्थित श्री विद्यामठ पहुंचीं तो उन्‍होंने पूजा-अर्चना कर देश में शांति एवं समृद्धि की कामना की। बाबा दरबार में दर्शन पूजन से पूर्व उन्‍होंने विश्‍वनाथ धाम कारीडोर का भी जायजा लिया और क्षेत्र में चल रही तैयारियों के बाबत पदाधिकारियों से जानकारी भी हासिल की।

वाराणसी पहुंची प्रियंका
नाव पर बैठीं प्रियंका गांधी साथ में अजय कुमार व अन्य ।

बाल-बाल बचेें अजय कुमार

उधर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू वाराणसी में बाल-बाल बच गए। घटना उस समय हुई जब प्रियंका गांधी के साथ रामघाट जाते वक्त नाव पर चढ़ रहे थे। उसी दौरान उनका पैर गंगा नदी में फिसल गया। इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता में अफरा-तफरी मच गई। वहीं गंगा नदी में गिरने के कारण अजय कुमार लल्लू के कपड़े पूरी तरह भीग गए।

आज सुबह प्रियंका चार्टर विमान से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचीं। जहां उनके आगमन पर वाराणसी एयरपोर्ट पर पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, वीरेंद्र सिंह व मेवालाल बागी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल सहित अन्य नेता एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। प्रियंका गांधी के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्य टर्मिनल भवन में उनका स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- JNU हमले पर बोले राहुल, विद्यार्थियों की आवाज से डरती हैं फासीवादी ताकतें, घायलों से एम्‍स में मिली प्रियंका