आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा में शुक्रवार को बजट चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार विकास हो रहा है। योगी ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में काफी इजाफा हुआ है। साथ ही पुरानी सरकारों का जिक्र करते हुए योगी ने कहा, ‘याद करो समाजवादी पार्टी की सरकार में यूपी का क्या हाल था।’
मुख्यमंत्री ने बड़े लक्ष्य रखने पर बल देते हुए कहा, ‘बड़े काम के लिए बड़ा लक्ष्य रखा जाता है। पहले कोई बैंक या संस्था यूपी को कर्ज तक नहीं देता था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।’
सीएम योगी ने अपने संबोधन में किसानों के कर्ज माफी का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार ने 86 लाख किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया। उन्होंने सदन में हल्की-फुल्की चुटकी भी ली। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव का श्राप उन पर न लगे, वे स्वस्थ रहें।
यह भी पढ़ें- UP Budget 2026: CM योगी ने अपने बजट को बताया ऐतिहासिक-दूरदर्शी, कही ये बातें
वहीं योगी ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद की तारीफ भी की, लेकिन मजाकिया अंदाज में कहा कि ये पुराने समाजवादी हैं, लेकिन इनके पीछे लठैत शिवपाल यादव रहे। योगी ने आगे कहा, ‘मुझे लगता था कि नेता प्रतिपक्ष उम्र के हिसाब से आंकड़ों में घालमेल नहीं करेंगे, लेकिन लगा कि चच्चू का प्रभाव उन पर आ गया।’
सपा ने यूपी को किया बदनाम…
बजट चर्चा के दौरान सीएम योगी ने बताया कि यह 2026-27 का बजट है और सदन देर रात तक चलता रहा। उन्होंने गर्व से कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री को दसवीं बार बजट पेश करने का अवसर मिला है। सीएम योगी ने एसपी सरकार के समय की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने यूपी को इतना बदनाम किया था कि होटलों में कमरे नहीं मिलते थे। उन्होंने कहा, ‘कुछ जनपदों का नाम सुनकर लोग होटल में कमरा देने से इनकार कर देते थे। 2016-17 में यूपी देश में नीचे से तीसरे नंबर पर था। लेकिन डबल इंजन की सरकारने इसे बॉटम थ्री से टॉप थ्री राज्यों तक पहुंचा दिया।’
‘भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस ने किया घृणित काम’
सीएम योगी ने युवाओं के लिए चलाई जा रही सीएम युवा योजना का जिक्र करते हुए कहा, ‘सीएम युवा योजना से ब्याजमुक्त गारंटीयुक्त लोन दिया जा रहा है। प्रदेश में 1.10 लाख युवाओं को अब तक लोन दिया गया।’ उन्होंने बताया कि पीएम की अध्यक्षता में गठित नीति आयोग ने यूपी को सबसे अच्छा माना है तथा सीएजी ने भी सराहना की है। योगी ने कहा कि पहली बार यूपी ने अपना आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश किया, और लॉ एंड ऑर्डर सुधार के कारण यूपी निवेश का सपना बन चुका है। उन्होंने भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आज भारत मण्डपम में कांग्रेस ने अराजकता फैलाई।शर्मनाक घटना की गई कांग्रेस के द्वारा। भारत की छवि खराब करने का प्रयास कांग्रेस के द्वारा किया गया।’




















