‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा की यूपी में शुरूआत कर बोले AAP सांसद, आखिरी दम तक लड़ेंगे लड़ाई

आप की पदयात्रा
आप की पदयात्रा में उमड़ी भीड़।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/रामपुर। आम आदमी पार्टी ने आज से भाजपा सरकार के खिलाफ उत्‍तर प्रदेश में नया मोर्चा खोल दिया है। आप सांसद संजय सिंह ने रामपुर जिले में ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश का संविधान और गरीबों की वोट बचाने की यह लड़ाई वह और उनकी पार्टी आखिरी दम तक लड़ेगी।

रामपुर में यूपी के आप प्रभारी संजय सिंह ने आज गांधी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर वोट और संविधान की रक्षा की इस लड़ाई का संकल्प लिया। आप का कहना है कि संजय सिंह के नेतृत्व में शुरू हुई इस छह दिवसीय पदयात्रा के माध्यम से एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से नाम काटने, गरीब-दलित-पिछड़े-अल्पसंख्यकों के वोट छीनने और संविधान को कमजोर करने की साजिशों के खिलाफ जनता को संगठित किया जा रहा है। आप ने आज दावा किया कि वोट और संविधान की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें- संजय सिंह ने कहा, AAP निकालेगी संविधान और मतदाताओं का वोट बचाने के लिए पदयात्रा, यूपी में चल रही करोड़ों वोट काटने की साजिश,”

इस मौके पर संजय सिंह ने कहा कि बापू ने जीवन भर अहिंसा, भाईचारे और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया और आज उसी विचारधारा को बचाने का संकल्प रामपुर की धरती से लिया गया है। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति से न देश बन सकता है और न समाज, इसलिए यह पदयात्रा सिर्फ एक पैदल मार्च नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने की हुंकार है।

मोदी-योगी व ज्ञानेश कर रहें वोट काटने की साजिश

आसरा कालोनी, पहाड़ी गेट पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आप सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी साजिश के खिलाफ यह पदयात्रा शुरू की गई है, क्योंकि अब यह लड़ाई केवल चुनाव की नहीं बल्कि वोट, संविधान, लोकतंत्र और स्वाभिमान को बचाने की लड़ाई है।

…प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को झुकना पड़ता

संजय सिंह ने कहा कि वोट की ताकत ही वह ताकत है जिसके सामने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को झुकना पड़ता है, लेकिन जिस दिन वोट का अधिकार खत्म हो गया, उस दिन सत्ता लाठी के दम पर जनता को कुचल देगी। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान लिखते समय स्पष्ट किया था कि राष्ट्रपति और गांव में रहने वाले मजदूर के वोट की कीमत एक समान होगी, लेकिन आज उसी अधिकार पर डाका डाला जा रहा है।

40 से ज्‍यादा BLO आत्महत्या कर चुके, लेकिन सरकार को… 

आप नेता ने मुरादाबाद में बीएलओ सर्वेश सिंह की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि दबाव में आकर उन्होंने रोते हुए वीडियो बनाया और जान दे दी। देश में 40 से अधिक बीएलओ आत्महत्या कर चुके हैं, लेकिन भाजपा सरकार को केवल अपने वोट चोरी के लक्ष्य की चिंता है। उन्होंने रामपुर की 80 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला नूरजहां का उदाहरण देते हुए कहा कि नियमों के तहत एसआईआर फॉर्म भरने के बावजूद योगी सरकार ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी, जो सत्ता की संवेदनहीनता और क्रूरता को उजागर करता है।

नफरत की राजनीति करना चाहती

हमला जारी रखते हुए यूपी प्रभारी ने कहा कि कहा कि संसद में प्रदूषण से हर साल 20 लाख मौतों, बेरोजगारी, किसानों को खाद न मिलने, रुपये की गिरावट और बीएलओ की मौत जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से भाजपा सरकार भागती है और केवल वंदे मातरम् पर बात करने और नफरत की राजनीति करना चाहती है।

सबसे पहले स्कूलों और अस्पतालों को मजबूत करेगी

भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए आप नेता ने मनरेगा में भ्रष्टाचार, महात्मा गांधी के नाम को हटाने, स्कूल बंद करने और डिटेंशन सेंटर की योजनाओं पर हमला करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आप जिस दिन सत्ता में आई, सबसे पहले स्कूलों और अस्पतालों को मजबूत करेगी।

वहीं पदयात्रा को लेकर संजय सिंह ने कहा कि छह दिन की इस पदयात्रा में रोजगार, किसान, मजदूर और वोट चोरी—हर मुद्दे पर सरकार को बेनकाब किया जाएगा और यह संघर्ष सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा।

बताते चलें कि 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक चलने वाली यह पदयात्रा रामपुर से शुरू होकर मुरादाबाद और अमरोहा तक जाएगी। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह जनसभाएं और जनसंवाद आयोजित कर आम जनता को वोट और संविधान बचाने की लड़ाई से जोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस की वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली में उमड़ा जनसैलाब, राहुल ने मोदी-RSS पर निशाना साध कहा, भाजपा से मिल काम कर रहें ज्ञानेश कुमार