टीम इंडिया ने श्रीलंका को 165 रन से हराया, गॉल टेस्ट जीतकर सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

आरयू वेब टीम। भारतीय क्रिकेट टीम ने गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। मानव सुथार की घातक गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने श्रीलंका को पांचवें दिन दूसरे सेशन में दूसरी पारी में 206 रन पर समेट कर गाले टेस्ट अपने नाम किया। जीत के साथ दो मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे हो गई है। भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाकर श्रीलंका को 284 रन पर आउट कर दिया था। इस तरह से उसे 178 रन की मजबूत बढ़त मिली थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए थे।

श्रीलंका की तरफ से सोनल दिनुशा ने सर्वाधिक 84 रन बनाए, जबकि कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने 59 रन की पारी खेली। मानव सुथार भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 55 रन देकर छह विकेट लिए। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 16 रन देकर दो जबकि रविंद्र जडेजा (71 रन देकर एक) और मोहम्मद सिराज (15 रन देकर एक) ने एक-एक विकेट लिया।

भारत के लिए ये मैच इसलिए भी खास हो गया क्योंकि यह भारत का 600वां टेस्ट मैच था। यह जीत इसलिए भी विशेष है क्योंकि भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं में इसी तरह की पिच पर हार का सामना करना पड़ा था। जैसे ही सुथार ने टेस्ट मैच में अपना 10वां विकेट लिया, शुभमन गिल ने राहत की सांस ली होगी क्योंकि मैच खत्म होने के पांच मिनट के भीतर ही भारी बारिश शुरू हो गई थी।

मानव ने दूसरी बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए। उन्होंने इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट मैच में यह कारनामा किया था। श्रीलंका ने लंच के बाद छह विकेट पर 175 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई और उसे 199 रन तक पहुंचाया, लेकिन मानव के गेंद संभालने के बाद खेल का रुख बदल गया। वहीं बाएं हाथ के स्पिनर ने 76वें ओवर में छह गेंदों के अंतराल में सोनल दिनुशा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा को आउट कर दिया, जिससे श्रीलंका का स्कोर नौ विकेट 199 रन पर हो गया। उन्होंने इसके बाद केशारा नुवांता को आउट करके मैच का अंत किया।

वहीं श्रीलंका ने सुबह चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया। दिनुशा और डिसिल्वा (151 गेंदों पर 59 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 202 गेंदों पर 95 रन जोड़कर दिन के पहले सत्र के एक घंटे से अधिक समय तक भारत को सफलता से वंचित रखा। भारतीय बल्लेबाजों की तरह ही श्रीलंका के बल्लेबाजों के लिए भी स्पिनरों का सामना करने का पसंदीदा तरीका स्वीप शॉट था।

पहले सत्र में भारतीय स्पिनरों में जडेजा निसंदेह सर्वश्रेष्ठ रहे। उन्होंने पिच से अच्छा खासा उछाल हासिल किया। मानव ने ज्यादा ओवर नहीं फेंके, लेकिन उनकी गेंदबाजी में दम था जबकि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। वह निश्चित रूप से अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा, लेकिन इसके बावजूद श्रीलंका के कप्तान डिसिल्वा ने 125 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

इसके कुछ देर बाद पहली पारी में शतक बनाने वाले दिनुशा भी कुलदीप की गेंद पर छक्का लगाकर 50 रन तक पहुंचे, लेकिन जडेजा ने डिसिल्वा को आउट करके भारत की उम्मीदें जगा दी। इस बाएं हाथ के स्पिनर ने गेंद को थोड़ा और उछाल दिया और गेंद डिसिल्वा के बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े सुथार के हाथों में चली गई।

यह भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप में हरमनप्रीत संभालेंगी कप्‍तानी की कमान, BCCI ने किया टीम इंडिया का ऐलान

श्रीलंका की पहली पारी में समझदारी भरी पारी खेलने वाले निरोशन डिकवेला (दस) आक्रामक अंदाज में खेलने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने प्रसिद्ध की गेंद पर कवर के ऊपर से शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें नाकाम रहे और गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेट कीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में समा गई। दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में शुरू होगा।

यह भी पढ़ें- श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, इन खिलाड़ियों की हुई वापसी