विवाद पर बोले मल्लिकार्जुन खड़गे, मैंने गाया महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू व अटल विहारी बाजपेयी वाला वंदे मातरम

मल्लिकार्जुन खड़गे
मीडिया बात करते मल्लिकार्जुन खड़गे।

आरयू वेब टीम। वंदे मातरम् विवाद पर जारी सियासत के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बड़ा बयान दे दिया है। खड़गे ने कहा, मैंने वही वंदे मातरम गाया जो, राष्‍ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरूऔर अटल विहारी बाजपेयी ने गाया। अगर मैंने गुनाह किया है तो गांधी और वाजपेयी भी गुनहगार हैं। साथ ही कहा कि भाजपा जो कहेगी वो नहीं होगा। कांग्रेस ने 90 साल पुरानी परंपरा जारी रखी।

गोवा में मीडिया से बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैंने वही ‘वंदे मातरम’ गाया जो महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू गाते थे। अगर इसे गाना अपराध है, तो वे पिछले 18 सालों से यही अपराध कर रहे थे। अगर ये अपराध है तो गांधी जी के खिलाफ केस दर्ज करो। अगर अपराध है तो नेहरू जी के खिलाफ भी केस दर्ज करो। अगर अपराध है तो वल्लभभाई पटेल के खिलाफ भी केस दर्ज करो। अटल जी ने वही ‘वंदे मातरम’ गाया उनके भी खिलाफ केस करो।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा को पता ही नहीं कि उनके जन्म से पहले ही कांग्रेस ने ये तय कर लिया था कि देश के लिए कौन-से राष्ट्रीय गीत अपनाए जाएंगे। ऐसा नहीं है कि आप जो कह दोगे वही राष्ट्रीय नियम बन जाएगा। कल कोई और सरकार आ सकती है, वो कुछ और कह देंगी तो वही नियम बन जाएगा। हमने तो बस वही परंपरा जारी रखी है जो पिछले 90 सालों से चली आ रही है।

यह भी पढ़ें- मल्लिकार्जुन खड़गे का आरोप छात्रों के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही मोदी सरकार

मालूम हो कि वंदे मातरम् विवाद की शुरुआत 15 अगस्त के बाद तब शुरू हुआ, जब भाजपा ने उन पर राष्ट्रगीत को बीच में रोकने और उसके अपमान का आरोप लगाया। भाजपा का आरोप है कि सोनिया गांधी ने इशारा करके वंदे मातरम् को बीच में ही रुकवा दिया। इसके बाद इस पर खूब सियासत हुई। यह विवाद तब और गहरा हो गया जब गोवा में एक कांग्रेस रैली में वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के बजाय केवल पहले दो छंद ही गाए गए, जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस को घेर लिया।

यह भी पढ़ें- खड़गे का आरोप, गलवान के बाद मोदी सरकार ने चीन के प्रति अपनाया नरम रुख, आर्थिक निर्भरता भी बढ़ी