विनोद तावड़े बने भाजपा के यूपी प्रभारी, मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम ने दी बधाई

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को यूपी में भाजपा का प्रभारी नियुक्त किया और नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया।  जिसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या व ब्रजेश पाठक ने बधाई दी है।

इन दोनों को यूपी की जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी का दायित्व सौंपे जाने पर हार्दिक बधाई। पूर्ण विश्वास है कि उत्तर प्रदेश की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को आप दोनों के अनुभवी मार्गदर्शन से नई दिशा एवं नई गति मिलेगी।

इसके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि “राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े आपको यूपी भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं! मुझे पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में आपके विस्तृत अनुभव से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा 2027 में प्रचंड बहुमत की तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी।”

यह भी पढ़ें- लखनऊ पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, राज्य में एक बार फिर खिलेगा कमल

साथ ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक्स पर पोस्टकर कहा “विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन द्वारा राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, भाजपा का प्रदेश प्रभारी, राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल को बीजेपी, उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी, राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को बीजेपी पंजाब और राज्यसभा सांसद तरुण चुग को बीजेपी गुजरात का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं। आप सभी का व्यापक संगठनात्मक अनुभव, कुशल नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण निश्चित रूप से संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगा।”

यह भी पढ़ें- भाजपा का विरोध करते-करते भारत का करने लगे विरोध, CM योगी का विपक्ष पर हमला