आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। जहां नितिन नवीन का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य में एक बार फिर कमल खिलेगा। साथ ही कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटे हैं और प्रदेश में पार्टी के पक्ष में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने का काम किया है। काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा की धरती पर एक बार फिर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ और पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं का जो उत्साह देखने को मिला है,उससे स्पष्ट है कि भाजपा का संगठन 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।”
वहीं राजधानी पहुंचने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने नितिन नबीन की अगवानी की। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इससे पहले एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक नितिन नवीन का भव्य रोड शो निकाला गया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद रहे। कुछ कार्यकर्ता बुलडोजर पर खड़े होकर उन पर पुष्पवर्षा करते नजर आए। नितिन नबीन विशेष रूप से तैयार मोटर चालित रथ पर सवार होकर मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के कारण उनका काफिला कई स्थानों पर धीमी गति से आगे बढ़ा।
यह भी पढ़ें- यूपी भाजपा की टीम का ऐलान, राजनाथ सिंह के बेटे नीरज व पूजा पाल समेत 19 नेता बनें उपाध्यक्ष
दरअसल भाजपा अध्यक्ष के दो दिवसीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोज, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, पार्टी विधायकों, बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें शामिल हैं। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश का यह उनका तीसरा दौरा है। इससे पहले वह मथुरा और वाराणसी का दौरा कर चुके हैं। इस यात्रा के दौरान उनके हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करने की भी संभावना है।




















