अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले डिप्टी सीएम व भाजपा नेताओं ने किए आसन

योग दिवस
योग दिवस से पहले बैलून उड़ाते डिप्टी सीएम व अन्य नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले शनिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री-अफसर सहित कई भाजपा नेताओं ने योग किया। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित योग शिविर में स्कंध चक्रासन, वक्रासन, त्रिकोणासन, ताड़ासन, वृक्षासन, शशांकासन किए गए। भाजपा नेताओं के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और “लखनऊ करेगा योग, लखनऊ बनेगा निरोग” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले ही इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग अब जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर योग के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई है।

ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वस्थ बनाता है और जब समाज का हर व्यक्ति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेगा तो उत्तर प्रदेश देश में नई पहचान बनाएगा।

योग शिविर को आकर्षक बनाने के लिए भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति, योग आधारित कथक नृत्य और कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय परंपरा और योग के महत्व को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, वरिष्ठ युवा नेता नीरज सिंह, पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, पूर्व न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

यह भी पढ़ें- क्या पंडित हैं अवसरवादी?, UP दारोगा भर्ती में पूछे सवाल पर विवाद, ब्रजेश पाठक बोले, कराएंगे जांच

ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि ट्रस्ट लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सवा लाख पौधे लगाने का अभियान चलाया जाएगा। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से लोगों को हरित उत्तर प्रदेश और हरित भारत के निर्माण से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है।

यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बोले प्रधानमंत्री, एकता की शक्ति के रूप में उभरा योग नहीं करता भेदभाव