आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्ष पर हमला बोला है। अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने विपक्षी दलों व चंदा चोरी मामले में आवाज उठाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल अयोध्या को बदनाम करने की राजनीति कर रहे हैं। राम भक्तों पर गोली चलाने वाले उपदेश दे रहे, लेकिन एसआइटी जांच से सब साफ हो जाएगा।
इस दौरान राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का जिक्र कर योगी आदित्यनाथ कहा कि राम मंदिर के निर्माण के लिए पांच शताब्दियों तक संघर्ष किया गया है, इसलिए अयोध्या की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। साथ ही कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस साक्ष्य है तो उसे एसआइटी को उपलब्ध कराया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
वहीं चढ़ावा चोरी मामले में संदेह के घेरे में आये चंपत राय, नृपेंद्र मिश्रा व अन्य का बिना नाम लिये योगी ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने से पहले किसी भी व्यक्ति को बिना तथ्यों के बयानबाजी नहीं करनी चाहिए, किसी का चरित्र हनन करना उचित नहीं है। साथ ही योगी ने कहा कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- AAP के संजय सिंह का आरोप अयोध्या में राम मंदिर जमीन खरीद में हुआ करोड़ों का घोटाला, PM कराएं CBI-ED से जांच
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई कोरी और उदा देवी पासी के नाम पर पीएसी की तीन नई बटालियन गठित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इन विशेष बटालियनों में केवल बेटियों की भर्ती की जाएगी, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।




















