20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, 13 अगस्त तक चलेगी कार्यवाही

मानसून सत्र

आरयू वेब टीम। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को संसद के आगामी मानसून सत्र की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्वीकृति के बाद जारी अधिसूचना के अनुसार, मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 से शुरू होकर 13 अगस्त 2026 तक चलेगा।

संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार इस सत्र में राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सार्थक बहस, चर्चा और निर्णायक फैसले लेने की उम्मीद करती है। रिजिजू अरुणाचल प्रदेश से लोकसभा सांसद हैं और उन्होंने सभी दलों से सकारात्मक सहयोग का आह्वान किया है।

ये मानसून सत्र राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है, क्योंकि यह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) में हुई बड़ी टूट के बाद संसद का पहला सत्र होगा। तृणमूल कांग्रेस के 28 में से 20 लोकसभा सांसदों ने बगावत कर दी है और वे भाजपा नीत एनडीए को समर्थन देने का फैसला कर चुके हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे गुट के नौ में से छह लोकसभा सांसदों ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया है।

यह भी पढ़ें- अब पुलिस की मौजूदगी में TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर हुआ अंडे-पत्थर से हमला, BJP कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप

पिछला बजट सत्र सरकार के लिए कुछ मायनों में निराशाजनक रहा था, क्योंकि ‘संविधान संशोधन विधेयक’ लोकसभा में पारित नहीं हो सका था। ऐसी चर्चाएं और अनौपचारिक रिपोर्ट हैं कि सरकार इस महत्वपूर्ण बिल को मानसून सत्र में दोबारा पेश कर सकती है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी को एक और झटका, सुष्मिता देव ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा, TMC भी छोड़ी