आरयू वेब टीम। देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मना रहा है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया। साथ ही खरगे और राहुल ने राष्ट्रपिता के सिद्धांतों पर अडिग रहने का संकल्प लिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के विरुद्ध सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने न केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया। आज जब उनके विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा गांधी जयंती पर बापू को विनम्र नमन एवं सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।’
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने कहा, भाजपा-RSS व चुनाव आयोग कर रहे देशद्रोह, किया जाएगा न्याय
वहीं राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने ‘हमें अन्याय के आगे कभी न झुकना’ सिखाया। उन्होंने कहा कि सच्चाई, अहिंसा और निडरता बापू की सबसे बड़ी विरासत हैं। राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्टकर कहा, ‘सत्य, अहिंसा और निर्भयता, यही बापू की सबसे बड़ी विरासत है। साथ ही कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।’ इस दौरान कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर और पूर्व कांग्रेस नेता के. कामराज को उनकी पुण्यतिथि पर भी याद किया।




















