आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने इस्माइलगंज प्रथम व द्वितीय वार्डो में 520.76 लाख रुपये की लागत वाली 11 इंटरलॉकिंग सड़कों का शिलान्यास किया। उन्होंने 41.45 लाख के दो अन्य कार्यों को भी जल्द ही शुरू किये जाने की घोषणा की है।इंटरलॉकिंग व सड़क निर्माण के यह सभी काम जिला नगरीय विकास अभिकरण लखनऊ द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत किए जायेंगे।
आज इस्माइलगंज स्थित वीडी पैलेस में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री ने कहा कि पिछले तीन सालों में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का रूपांतरण और विकास तेज गति से हो रहा, जो लखनऊ 2016 में स्वच्छता के पैमाने पर 269 नंबर पर था वह आज 12 वें नंबर पर आ चुका है। स्मार्ट सिटी बनने की ओर अग्रसर है और आशा है कि अगले साल तक लखनऊ देश के अग्रणी शहरों में होगा।
यूपी सरकार केंद्र सरकार द्वारा चयनित प्रदेश के दस नगर निगमों के साथ-साथ बाकी के सात नगर निगम को भी स्मार्ट सिटी के रूप में अपने साधनों से विकसित करेगी। नगर विकास मंत्री ने आज यह भी ऐलान करते हुए कहा कि जल्दी ही लखनऊ के सभी छह लाख घरों से दरवाजे-दरवाजे कूड़ा उठान की व्यवस्था कि निगरानी की जायेगी और कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर उसका डाटा उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें- माफियाओं से खाली कराई जमीन पर भवन बनाकर अधिवक्ता, शिक्षक व पत्रकारों को जाएगा दिया: CM योगी
उन्होंने कहा कि नगरों में भू-जल के इस्तेमाल को कम करके भूतल पर उपलब्ध जल के इस्तेमाल पर सरकार काम कर रही, ताकि भूजल का स्तर कम होने से बचाया जा सके। इसके अलावा सड़कों को भी स्मार्ट सड़क के रूप में विकसित करने का काम चल रहा, जिसके अंतर्गत सड़क के साथ भूमिगत डक्ट बनेगा जिसमें से होकर सभी तरह की नगरीय सुविधाओं वाले केबिल व नालियां आदि जायेंगी ताकि सड़क को काटना न पड़े। सरकार नागरिकों के हित में बेहतर तकनीक को नगरों में ला रही है।
कार्यक्रम में बीकेटी विधायक अविनाश त्रिवेद्वी, नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, चीफ इंजीनियर महेश वर्मा, प्रोजेक्ट आफिसर डूडा निधि बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष योगेश चतुर्वेदी, महानगर उपाध्यक्ष राकेश सिंह, पार्षद राम कुमार वर्मा, महिला संयोजक पारूल सिंह उपाध्यक्ष व सविता शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहें। कार्यक्रम का संचालन वशिष्ठ नारायण शुक्ला ने किया।




















