154 यात्री को दुबई से काठमांडू लेकर जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। 154 यात्रियों को लेकर दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाइट की अमौसी एयरपोर्ट पर शनिवार को इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अचानक फ्लाइट की इमरजेंसी की घोषण से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि काफी समझाने बुझाने के बाद ही यात्री शांत हुए। दरअसल काठमांडू में मौसम खराब होने पर वहां लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। उसके बाद पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को कॉल किया और लैंडिंग की अनुमति मांगी।

मिली जानकारी के मुताबिक फ्लाई दुबई की फ्लाइट (एफजेड-1133) में 154 यात्री सवार थे। यह फ्लाइट दुबई से नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान तकनीकी और परिचालन कारणों के चलते विमान के पायलट को ईंधन की स्थिति को लेकर चिंता हुई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने नजदीकी सुरक्षित हवाई अड्डे पर लैंडिंग की अनुमति मांगी, जिसके बाद लखनऊ एयरपोर्ट को चुना गया।

पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया और स्‍थति‍ को बताया। अनुमति मिलने के बाद विमान को सुबह 8:22 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। जिसके बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच की। अब उसमें ईंधन भरा गया। करीब डेढ़ घंटे बाद काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया।

फ्लाई दुबई के टिकट अन्य कंपनियों की अपेक्षा किफायती माने जाते हैं। 2008 में दुबई सरकार के सहयोग से यह कंपनी शुरू की गई थी। इसका मुख्यालय दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर है। फ्लाई दुबई मध्य पूर्व, एशिया, यूरोप, अफ्रीका के कई शहरों के लिए विमान सेवा चला रही है। भारत के कई शहरों से भी इसकी सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट को मिली हाईजैक की धमकी, हुई इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ में इससे पहले 31 मार्च को एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। फ्लाइट पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से दिल्ली जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट यूपी के अंबेडकरनगर के ऊपर थी, तभी पायलट के केबिन में धुआं महसूस हुआ। उस समय फ्लाइट 36 हजार फीट की ऊंचाई पर थी। पायलट ने धुआं महसूस होते ही लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मेडे कॉल किया। मेडे कॉल के बाद यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क उपलब्ध करा दिए गए। लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति लेकर फ्लाइट को शाम 5:17 बजे सुरक्षित लैंड कराया।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को ला रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग