#UPBoardExam: 18 मार्च से शुरू होगा हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन

परीक्षा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट एग्जाम की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तारीख फानल कर दी गई है। जिले में 18 मार्च से छह केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू कराया जाएगा। इस संबंध में बोर्ड सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ की जाएगी। गणित और विज्ञान विषयों में स्टेप मार्किंग प्रणाली लागू होगी, जिससे छात्रों को समाधान के प्रत्येक चरण के अनुसार अंक मिल सकें। साथ ही भाषा विषयों में शाब्दिक त्रुटियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी उत्तरपुस्तिका में निर्धारित अधिकतम अंक से ज्यादा अंक देने की अनुमति नहीं होगी।

साथ ही कॉपी के बाएं पृष्ठ पर लिखे उत्तरों का भी समुचित मूल्यांकन करना अनिवार्य रहेगा। मूल्यांकन केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों और कर्मचारियों को मूल्यांकन कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए एलआइयू और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- UPSSSC ने घोषित किया लेखपाल-जेई मेंस एग्जाम की डेट

इसके अलावा सशस्त्र पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी मूल्यांकन कार्य समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों को परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक वाहन के साथ दो सशस्त्र पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। शिक्षकों के लिए प्रतिदिन जांची जाने वाली न्यूनतम उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या भी निर्धारित की गई है। इस दौरान गोपनीयता भंग होने पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम -2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी, देखें टॉपर की लिस्‍ट