राजस्‍थान में टीम गहलोत की हुई ताजपोशी, 23 मंत्रियों ने ली शपथ, इस पार्टी के विधायक को भी मिल गया मौका

राजस्थान मंत्रिमंडल
राजस्थान में शपथ लेते कांग्रेस सरकार के मंत्री। (फोटो साभार एएनआइ)

आरयू वेब टीम।

हाल ही में संपन्‍न हुए पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनाव व उनके मुख्‍यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब उनके मंत्रिमंडल के गठन का दौर शुरू हो गया है।

इसके लिए सोमवार को राजस्थान में कांग्रेस के सीएम अशोक गहलोत के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हुआ। राजभवन में राज्‍यपाल कल्‍याण सिंह ने इस दौरान 13 कैबिनेट और दस राज्य मंत्रियों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। इनमें 22 विधायक कांग्रेस के हैं, जबकि राष्ट्रीय लोकदल के एक विधायक को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

यह भी पढ़ें- गहलोत ने CM व सचिन ने उपमुख्‍यमंत्री पद की ली शपथ, राहुल ने कहा कि राजस्‍थान की सेवा करना कांग्रेस के लिए गौरव की बात

इससे पहले मंत्रियों के नामों को लेकर तीन दिन चले मंथन के बाद दिल्ली में राजस्थान का मंत्रिमंडल तय हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ चर्चा के बाद 23 मंत्रियों के नाम तय किए थे। वहीं राजस्थान में 17 दिसंबर को अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री और सचिन पायलट ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

नीचे देखें राजस्‍थान के मंत्रिमंडल में किन दिग्‍गजों को मिली जगह-

कैबिनेट मंत्री के रूप में शांति धारीवाल (कोटा उत्तर), बीडी कल्ला (बीकानेर), परसादी लाल मीणा (लालसोट), सुजानगढ़ से मास्टर भंवरलाल मेघवाल, झोटवाड़ा से लालचंद कटारिया, केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा, अंता से प्रमोद जैन भाया, विश्वेंद्र सिंह (डीग-कुम्हेर), बायतू से हरीश चौधरी, रमेश मीणा (सपोटरा), चित्तौड़गढ़ से उदयलाल आंजना, प्रताप सिंह (सिविल लाइंस) और पोकरण विधायक सालेह मोहम्मद को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

ये राज्यमंत्री और स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री

वहीं सिकराय से ममता भूपेश, लक्ष्मणगढ़ (सीकर) विधायक गोविंद सिंह डोटासरा, बांसवाड़ा से अर्जुन बामनिया, कोलायत से भंवर सिंह भाटी, सांचौर से सुखराम विश्नोई, हिंडौली से अशोक चांदना, अलवर ग्रामीण से टीकाराम जूली, वैर से भजनलाल जाटव, कोटपूतली से राजेन्द्र यादव और गठबंधन दल आरएलडी के भरतपुर से विधायक सुभाष गर्ग राज्यमंत्री या स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री होंगे।

मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए चेहरे-

लाल चंद, रघु शर्मा, विश्वेंद्र सिंह, हरीश चौधरी, रमेश मीणा, प्रताप सिंह, उदयलाल आंजना, सालेह मोहम्मद, गोविंद डोटासरा, ममता भूपेश, अर्जुन बामनिया, भंवर सिंह, सुखराम विश्‍नोई विश्नोई, अशोक चांदना, टीकाराम जूली, भजनलाल, राजेन्द्र यादव, सुभाष गर्ग।

यह भी पढ़ें- मायावती का ऐलान MP के अलावा जरूरत पड़ी तो राजस्‍थान में भी कांग्रेस का साथ देगी बसपा, समर्थन की बताई ये वजहें