आजम खान से मिलने जेल पहुंचीं पत्‍नी व बेटा, मुलाकात के बाद कहा, न्‍यायपालिका पर पूरा भरोसा

जेल पहुंचीं तंजीम फातिमा
आजम खान से मिलने जेल पहुंचीं तंजीम फातिमा।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सीतापुर जिला कारागार में पूर्व मंत्री आजम खान से उनकी पत्‍नी व बेटे ने आज मुलाकात की है। रामपुर से आजम की पत्‍नी तंजीम फातिमा और बेटे अदीब खान ने सीतापुर आकर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उनके साथ रामपुर की चेयरमैन फातिमा जबीं भी मौजूद रहीं। जेल में करीब डेढ़ घंटे तक चली मुलाकात के बाद पत्‍नी और बेटा बाहर आए।

मुलाकात के बाद बेटे अदीब ने बताया कि आजम खान जेल मैनुअल के अनुसार जेल में रह रहे हैं। जेल चाहे सोने की हो या लोहे की हो, जेल तो जेल ही होती है। बताया कि आजम खान जल्द ही बाहर आएंगे। उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है, सभी लोग बराबर लगे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- बिजली चोरी केस में पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की पत्‍नी को मिली राहत, कोर्ट ने किया बरी 

वहीं आजम खान की पत्‍नी तंजीम फातिमा ने बताया कि जेल में आजम का स्वास्थ्य अच्छा है। हम लोगों ने उनसे मुलाकात की है। न्यायपालिका पर भरोसा है जल्द ही वह बाहर आएंगे। आजम खान जिला कारागार में लंबे समय से बंद हैं। मुलाकात के दौरान पत्‍नी और बेटे ने उन्हें दवाइयों के अलावा कुछ पुस्तके भी भेंट की हैं।

यह भी पढ़ें- सफाई मशीन बरामदगी केस में आजम खान व बेटे अब्दुल्ला की जमानत याचिका खारिज