मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगा दादा साहब फाल्के पुरस्कार

मिथुन चक्रवर्ती

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड सुपरस्टार और भाजपा में शामिल हो चुके मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। दादा साहब फाल्के चयन निर्णायक मंडल ने मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके विशिष्ट योगदान के लिए पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। मिथुन चक्रवर्ती, जिन्हें बॉलीवुड का पहला डिस्को डांसर कहा जाता है। उन्होंने फिल्मी दुनिया में हीरोज के डांसिंग अंदाज को नए तरीके से पेश किया।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, बंगाल में रहने वाला हर शख्‍स बंगाली

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को ऐलान करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मिथुन दा की उल्लेखनीय सिनेमाई जर्नी पीढ़ियों को प्रेरित करती है। ये घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने महान अभिनेता  मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके प्रतिष्ठित योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है। आठ अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।

बता दें कि मिथुन दा ने 1976 में पहली फिल्म मृगया से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इसका निर्देशन मृणाल सेन ने किया था और चक्रवर्ती ने अपनी परफॉर्मेंस के लिए बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था। इसके बाद मिथुन चक्रवर्ती को उनकी फिल्म तहादर कथा (1992) और स्वामी विवेकानंद (1998) में उनके रोल के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में वे द कश्मीर फाइल्स फिल्म में नजर आए थे। विवेक अग्निहोत्री ने इसका निर्देशन किया था।

यह भी पढ़ें- पद्मविभूषण से सम्मानित इतिहासकार बाबासाहेब पुरंदरे का निधन