आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में शुक्रवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का बकाया हाउस टैक्स नहीं जमा करने की बड़ी लापरवाही सामने आयी है। जिसपर आज नगर निगम जोन चार की टीम बकाया गृहकर वसूलने पहुंची और बकाया नहीं मिलने पर पर्यटन भवन मुख्यालय को सील कर दिया।
इस संबंध में नगर निगम के जोन चार के जोनल अधिकारी संजय यादव ने बताया कि पर्यटन भवन मुख्यालय का 43 लाख 92 हजार रूपयों का हाउस टैक्स बकाया है। इसे वसूलने के लिए आज एक टीम मौके पर आयी तो किसी जिम्मेदार के नहीं मिलने पर सील की कार्रवाई करायी गयी है।
साथ ही ये भी बताया कि पूर्व में कई बार बकाया हाउस टैक्स को लेकर पर्यटन भवन के उच्चाधिकारियों को हाउस टैक्स का बिल भेजा गया था, लेकिन मीटिंग का हवाला देकर बिल नजरअंदाज करते हुए भुगतान नहीं किया गया। इसी बीच बीते 28 फरवरी को सीलिंग की कार्रवाई का नोटिस भेजा गया, उसे भी गंभीरता से न लेते हुए नजरअंदाज किया गया। जिसके बाद नगर निगम ने शुक्रवार सुबह सीलिंग की कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में नगर निगम की टीम पर हमला, मौके पर पहुंचीं मेयर ने जताई नाराजगी
वहीं आगे की जानकारी देते हुए कहा कि नगर निगम जोन चार में गृहकर बकायेदारों की सूची बनायी गयी है। इसमें पर्यटन विभाग मुख्यालय का नाम टॉप टेन में शामिल है। इसी तरह अन्य बकायेदारों के यहां भी सील की कार्रवाईयां करायी जायेगी। नगर निगम ने पूरे लखनऊ में गृहकर वसूली का अभियान लिया हुआ है, जिसके तहत किसी को छोड़ा नहीं जायेगा।
अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम की ओर से की गई सीलिंग की कार्रवाई के बाद पर्यटन भवन के उच्चाधिकारियों ने 15 लाख रुपये के तत्काल भुगतान की बात कही है। इसके साथ ही ये भी कहा गया है कि बकाया हाउस टैक्स का पूरा भुगतान एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा।