नहीं रहे पोप फ्रांसिस, 88 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

पोप फ्रांसिस
पोप फ्रांसिस।

आरयू वेब टीम। कैथोलिक चर्च के प्रमुख व जानें माने धार्मिक नेता अब इस दुनिया में नहीं रहे। वेटिकन द्वारा जारी किए गए वीडियो संदेश में यह जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि कैथोलिक चर्च के प्रथम लैटिन अमेरिकी लीडर पोप फ्रांसिस का निधन हो गया है। 88 साल के पोप फ्रांसिस की मृत्यु के बाद अब पूरा कैथोलिक समाज और दुनियाभर में उनके चाहने वाले शोक में डूबे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार सोमवार यानी आज सुबह सात बजकर 35 मिनट पर उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली। पोप फ्रांसिस किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में एडमिट भी किया गया था और उनका इलाज चल रहा था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कम ही लोगों के सामने आ पाते थे। किडनी की बीमारी के चलते ही उन्होंने सोमवार 21 अप्रैल 2025 को अपनी अंतिम सांस ली।

पोप फ्रांसिस कैथोलिक चर्च के 266वें पोप थे और वर्तमान में वेटिकन सिटी के प्रमुख भी थे। उनका असली नाम जॉर्ज मारियो बेर्गोलियो है। वो 13 मार्च 2013 को पोप चुने गए थे। अर्जेंटीना में उनका जन्म हुआ था।

यह भी पढ़ें- पूर्व सीएम मुलायम सिंह के छोटे भाई राजपाल सिंह यादव का निधन

कार्डिनल केविन फेरेल ने बयान में कहा- ‘मुझे बहुत दुख के साथ हमारे पवित्र पिता फ्रांसिस की मृत्यु की घोषणा करनी है। आज सुबह 7:35 बजे, रोम के बिशप फ्रांसिस, फादर के घर लौट आए। उनका पूरा जीवन ईश्वर और उनके चर्च की सेवा के लिए समर्पित था। उन्होंने हमें निष्ठा, साहस और सार्वभौमिक प्रेम के साथ सुसमाचार के मूल्यों को जीना सिखाया, खासकर सबसे गरीब और सबसे हाशिए पर पड़े लोगों के पक्ष में।’

यह भी पढ़ें- मुंबई के पूर्व कप्तान व चयनकर्ता का हार्ट अटैक से निधन