आरयू वेब टीम। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी रामबाबू बैठा के कार्यालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान तेजस्वी के साथ लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले तेजस्वी ने लंबा रोड शो किया।
जिसके बाद सभी अटकलों पर अपना जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि “राघोपुर की जनता ने हम पर लगातार दो बार भरोसा किया है, जनता मालिक है। ये तीसरी बार है जब हमने राघोपुर से अपना नामांकन दाखिल किया है। हमें पूरा विश्वास है कि राघोपुर की जनता एक बार फिर हम पर भरोसा करेगी।
साथ ही कहा कि हम सिर्फ सरकार नहीं बनाना चाहते, हम बिहार बनाना भी चाहते हैं। अब बिहार भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त राज्य बनना चाहता है। कई लोग अफवाह फैला रहे थे कि हम दो जगहों से चुनाव लड़ेंगे। दरअसल तेजस्वी 243 सीटों से चुनाव लड़ रहा है, लेकिन जब एक सीट की बात आती है, तो हम पहले से ही राघोपुर से चुनाव लड़ते रहे हैं और केवल राघोपुर से ही चुनाव लड़ रहे हैं।”
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव के बीच IRCTC केस में लालू परिवार को बड़ा झटका, कोर्ट ने तय किए आरोप
तेजस्वी यादव पूर्व में दो बार राघोपुर का विधायक रहे चुके हैं। राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज ने चंचल कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, हालांकि एनडीए ने अभी तक राघोपुर से उमीदवार घोषित नहीं किया है। जिसके कारण एनडीए कार्यकर्ता एवं नेताओं में उहापोह की स्थिति बनी हुई है। नामांकन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के साथ कई विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- EC का बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, छह व 11 नवंबर को होगा मतदान




















