पेशाब कांड पर विपक्ष का योगी सरकार पर हमला, बुजुर्ग से हुई दरिंदगी को बताया संविधान की आत्मा पर हमला

पेशाब कांड
पीड़ित बुजुर्ग।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी से निकली एक शर्मनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। पेशाब कांड को लेकर योगी सरकार एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गई है। चंद्रशेखर ने इस घटना को बताया संविधान की आत्मा पर हमला।

आजाद समाजवादी पार्टी के मुखिया और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने इसे सिर्फ अपराध नहीं बल्कि “जातिवाद की जड़ जमाई मानसिकता” का प्रतीक बताया। साथ ही कहा “ये घटना संविधान की आत्मा पर हमला है। आरोपित को एससी /एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत सख्त सजा दी जाए। पीड़ित को सरकारी सुरक्षा, मुआवजा और इलाज मिले।”

वहीं समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद आर.के. चौधरी के नेतृत्व में काकोरी पहुंचा। पूर्व सांसद कौशल किशोर और विधायक जय देवी कौशल ने भी परिवार से मुलाकात की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “किसी की भूल का अर्थ ये नहीं कि उसे अपमानजनक सजा दी जाए। ये मानवता पर कलंक है।”

साथ ही कांग्रेस ने कहा, “यह घटना भाजपा और आरएसएस की दलित विरोधी मानसिकता का उदाहरण है। दोषियों को सख्त सजा दी जाए।” हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी का किसी राजनीतिक संगठन से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।

यह भी पढ़ें- रामभद्राचार्य के बयान पर बोले चंद्रशेखर, जिस संत की आंखें नहीं, उनके कितने पाप होंगे, लोग अपराधी से ले रहे ज्ञान

मालूम हो कि काकोरी के शीतला माता मंदिर में यह घटना तब हुई जब बुजुर्ग रामपाल मंदिर में पानी पी रहे थे। तभी आरोपित स्वामी कांत उर्फ पम्मू ने उन पर पेशाब करने का आरोप लगाया। रामपाल ने सफाई दी कि केवल पानी गिरा था, लेकिन आरोपी ने जातिसूचक शब्द कहे और धमकाकर जमीन चाटने पर मजबूर किया। डर के मारे रामपाल ने अपमान सहते हुए वही किया जो उसे कहा गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैल गया।

रामपाल के पौत्र मुकेश कुमार ने बताया कि उनके दादा को सांस लेने में तकलीफ रहती है और दवा न लेने पर हालत बिगड़ जाती है। दिवाली की रात मंदिर में उन्हें खांसी आई और उसी दौरान थोड़ा पेशाब निकल गया। इसी पर पम्मू भड़क गया और जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें पेशाब चाटने को कहा। डर और बेबसी में रामपाल ने ऐसा कर दिया। बाद में उन्हें उस जगह को धोने पर भी मजबूर किया गया।

यह भी पढ़ें- फिर शर्मसार हुआ तहजीब का शहर, सो रहे मजदूर के मुंह पर युवक ने किया पेशाब, विरोध पर पिटाई भी की, Video वायरल