आरयू वेब टीम। भारतीय क्रिकेट टीम को बुधवार को शर्मनाक हार मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट 408 रन से जीतकर भारत का दो मैचों की टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। कोलकाता टेस्ट को दक्षिण अफ्रीका ने 30 रन से अपने नाम किया था। दक्षिण अफ्रीका ने 549 रन का लक्ष्य रखा था। विश्व टेस्ट चैंपियन ने भारत को दूसरी पारी में 140 रन पर समेट दिया और 408 रन से जीत दर्ज की। ये भारत का ओवरऑल टेस्ट में और घर पर रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है। इससे पहले टीम इंडिया को 2004 में ऑस्ट्रेलिया ने नागपुर में 342 रन से हराया था।
दरअसल भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हुआ दूसरा टेस्ट भी साउथ अफ्रीका की टीम ने जीत लिया। कुल मिलाकर अफ्रीका ने भारत को 408 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मेहमान टीम ने पहली पारी में 489 रन बनाए और दूसरी पारी में 260/5डी पर पारी घोषित कर दी। इसके बाद भारत के सामने 549 रन का विशाल लक्ष्य था। जिसके बाद भारतीय टीम दबाव में टूट गई और पहली पारी में सिर्फ 201 तथा दूसरी पारी में 140 रन ही बना सकी। अफ्रीका के गेंदबाजों ने दोनों पारियों में भारतीय बल्लेबाजों को जमने नहीं दिया। दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका की ओर से साइमन हार्मर ने छह विकेट झटके और मैच में नौ विकेट झटके।
बात करे प्रदर्शन की तो भारत की दूसरी पारी में भी शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल (13) सस्ते में लौटे, मार्को जानसेन की गेंद पर विकेटकीपर काइल वेरेने ने कैच लपका। कुछ देर बाद केएल राहुल (छह) भी साइमन हार्मर की गेंद पर बोल्ड हो गए। पांचवें दिन भारत ने 27/2 के स्कोरकार्ड से बल्लेबाजी करनी शुरू की, लेकिन स्कोरकार्ड में 13 रन और जुड़े और कुलदीप यादव पांच रन पर साइमन हार्मर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसी ओवर (24वें) में ध्रुव जुरेल भी आउट हुए।
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक गेंदबाज ने T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
इसके बाद भारतीय कप्तान पंत ने थोड़े तेवर दिखाए और एक चौका और छक्का जड़कर टीम का स्कोर 58 तक ले गए, लेकिन वो भी हार्मर की गेंद पर मिले एक्स्ट्रा बाउंस पर एडेन मार्करम को 13 रन पर कैच दे बैठे। टी ब्रेक के बाद साई सुदर्शन का धैर्य भी जवाब दे गया और वो 139 गेंदों पर 14 रन बनाकर सेनुरन मुथुसामी का शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर (16 रन, 44 गेंदों में) भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और हार्मर ने उन्हें पवेलियन भेजा, जबकि नीतीश रेड्डी ने एक बार फिर निराश किया और वो शून्य पर आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने रेड्डी के आउट होने के बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन वो स्टम्प आउट हो गए। आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज मोहम्मद सिराज रहे।




















