अमौसी एयरपोर्ट जा रही मेट्रो की ब्रेक फेल, यात्रियों में मचा हड़कंप

लखनऊ मेट्रो
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुंशी पुलिया से अमौसी एयरपोर्ट जाने वाली मेट्रो के ब्रेक सोमवार को फेल हो गई। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि इससे कोई हादसा नहीं हुआ और यात्रियों को सकुशल उतारकर दूसरी मेट्रो में सवार किया गया। उधर मेट्रो में गड़बड़ी होने से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए ट्रांसपोर्टनगर डिपो से दूसरी मेट्रो भेजी गई। मेट्रो में गड़बड़ी होने की वजह अभी सामने नहीं आ सकी है। अधिकारी जांच कराने की बात कर रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक आज अपरान्‍ह करीब 12 बजे मुंशी पुलिया से अमौसी एयरपोर्ट के लिए मेट्रो रवाना हुई। कुछ देरी में ट्रेन की ब्रेक फेल हो गए। लोको पायलटों को इसकी जानकारी होते ही कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई। इस बात की जानकारी जैसे ही यात्रियों को हुई तो हड़कंप मच गया। जिसके बाद यात्रियों को समझाकर शांत कराया गया कुछ देर बाद किसी तरह मेट्रो से उन्‍हेें उतारा गया। साथ ही इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची गई और मरम्मत कार्य में जुट गई। मेट्रो को रूट से हटाकर डिपो ले जाया गया।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में पतंगबाजी ने रोकी मेट्रो, UPMRC ने चेताया मेट्रो परिचालन क्षेत्र में पतंग उड़ाना बन सकता है जानलेवा

दूसरी ओर अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड होने वाले विमानों के यात्री एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पहुंचे तो उनकी सुविधा के लिए ट्रांसपोर्टनगर डिपो से अतिरिक्त मेट्रो ट्रेन अमौसी भेजी गई। जिससे एयरपोर्ट से उतरे यात्रियों ने सफर किया। जबकि मुंशी पुलिया से जाने वाली मेट्रो को रेलखंड से हटाने के बाद रूट की अन्य मेट्रो संचालित हुईं, जिससे यात्रियों ने सफर किया। मेट्रो जनसंपर्क विभाग ने बताया कि ब्रेक फेल होने से असुविधाएं हुईं।

यह भी पढ़ें- IT मेट्रो स्टेशन पर लगी आग, यात्रियों में अफरा-तफरी