अखिलेश ने कहा, “योगी सरकार में चरम पर अराजकता, भाजपाई गुंडे जनता-पर्यटकों को कर रहें प्रताड़ित”

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार पर सवाल खड़ा किया है। सपा मुखिया ने कहा है कि योगी सरकार में गुंडई और अराजकता चरम पर है। भाजपाई गुंडे आम जनता, पर्यटकों को प्रताड़ित और अपमानित कर रहे है। सरकार ने गुंडों, माफियाओं को खुली छूट दे रखी है। इन्हें सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।

अपने एक बयान में आज सपा मुखिया ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में गुंडे कानून-व्यवस्था और पुलिस पर भारी पड़ रहे है। ये पूरे देश दुनिया में उत्तर प्रदेश की छवि को बर्बाद कर रहे है। गुंडे और अराजक तत्व प्रदेश में घूम-घूम कर कहीं हथियार बांट रहे है, कहीं पर्यटकों के साथ मारपीट कर रहे है तो कहीं बहन-बेटियों को प्रताड़ित और परेशान कर रहे है।

योगी आदित्‍यनाथ को निशाने पर लेते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी में पुलिस प्रशासन का इकबाल खत्म हो चुका है। कानून के शासन का माखौल उड़ रहा है। मुख्यमंत्री जी और सरकार अराजक तत्वों की अराजकता पर चुप्पी साधे हुए है। सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा की मूर्तियां भी सियासी, मुख्यमंत्री बताएं अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव की उपेक्षा क्यों?

सपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया। इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सरकार महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों के घरों तक हिंसक विचार से लेकर हिंसक हथियार तक पहुंचाने वाले, देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों के खिलाफ क्या कोई संज्ञान लेने वाला है?

यह भी पढ़ें- 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटने पर अखिलेश ने कहा, भाजपाई SIR ने अपने खोदे गड्ढे़ में BJP को ही दिया गिरा