आरयू वेब टीम। गोरखपुर से मुंबई जा रही 15018 ट्रेन में मंगलवार को बम की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह घटना मऊ रेलवे स्टेशन पर हुई, जहां ट्रेन को प्लेटफॉर्म एक पर रोक दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सर्कुलेटिंग एरिया में भेजा गया, ताकि उनकी तलाशी कराई जा सके। इसके बाद हर बोगी की गहन चेकिंग हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक मऊ जिले के रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) जा रही डाउन 15018 ट्रेन में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्लेटफॉर्म और आस-पास के इलाके को भी घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को शांत और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल ट्रेन को पास के स्टेशन पर खाली कराया गया।
बम की सूचना मिलने पर एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाल अनिल कुमार सिंह, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को खाली कराया और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद बम स्क्वायड टीम की मदद से सघन जांच अभियान शुरू की गई और जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना करने का निर्णय लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, आधे रास्ते से मुंबई लौटा प्लेन
खबर लिखे जाने तक जांच में एक संदिग्ध बैग मिला था मगर उसमें भी कोई बम या ऐसी अन्य सामग्री नहीं पायी गयी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल है, हालांकि प्रशासन द्वारा लगातार ऐलान करके लोगों से शांत और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है।




















