आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में कड़ाके की ठंड के प्रकोप ने लोगों को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। इसे देखते हुए एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में दस जनवरी तक छुट्टी रहेगी, जबकि कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं सीमित समय में संचालित की जाएंगी। लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने गुरुवार को आदेश जारी किए।
डीएम ने कहा शीतलहर और घने कोहरे के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। ये आदेश जिले में संचालित सभी परिषदीय, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों-राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
यह भी पढ़ें- यूपी के 27 जिलों में होगा अत्यधिक घना कोहरा, अलर्ट जारी
वहीं कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई पूरी तरह बंद नहीं की गई है। इन कक्षाओं का संचालन सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक किया जाएगा, ताकि अत्यधिक ठंड और कोहरे के समय बच्चों को बाहर निकलने से बचाया जा सके। जबकि डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जा सकती है।




















