पाकिस्तान के फैसले पर BCCI ने कहा, हम ICC से पूरी तरह सहमत, नहीं देंगे बयान

बीसीसीआइ

आरयू वेब टीम। दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के बाद अब भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने से इनकार किए जाने के बाद अब इस मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बीसीसीआइ ने साफ किया है कि वह इस पूरे मुद्दे पर आइसीसी के रुख से सहमत है और फिलहाल किसी भी तरह की जल्दबाजी में बयान नहीं देगा।

भारत और पाकिस्तान के बीच ये हाई-प्रोफाइल मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाना है, हालांकि पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि उसकी टीम इस मैच का बहिष्कार करेगी। इसके बावजूद भारतीय टीम ने आइसीसी प्रोटोकॉल का पालन करने का फैसला किया है और साथ ही टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी। वहीं पाकिस्तान के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि इस मामले में आइसीसी का रुख स्पष्ट है।

उन्होंने कहा, “आइसीसी की ओर से इस पर बड़ा बयान आया है, जिसमें खेल भावना और टूर्नामेंट की समान शर्तों की बात की गई है। हम इस मामले में आईसीसी से पूरी तरह सहमत हैं। बीसीसीआई तब तक कोई टिप्पणी नहीं करेगा, जब तक आईसीसी से औपचारिक बातचीत नहीं हो जाती।”

यह भी पढ़ें- BCCI का KKR को निर्देश, बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर को टीम से हटाएं

वहीं, आइसीसी ने भी पाकिस्तान के इस कदम पर नाराजगी जाहिर की है। आइसीसी का कहना है कि उसे अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से इस फैसले को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। साथ ही, आइसीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा मैचों में हिस्सा लेना खेल की निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों के खिलाफ है, जहां सभी क्वालिफाई करने वाली टीमें एक जैसी शर्तों पर खेलती हैं।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम कोलंबो पहुंचकर अभ्यास सत्र करेगी और मैच से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हिस्सा लेगी। टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव मैदान पर मौजूद रहेंगे और टीम मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार करेगी। अगर पाकिस्तान टीम मैदान पर नहीं उतरती है, तो मुकाबला फॉरफिट घोषित किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- T20 वर्ल्‍ड कप के लिए भारत नहीं आएगी बांग्लादेश की क्रिकेट टीम, सुरक्षा कारणों का दिया हवाला