एमपी समेत तीन राज्‍यों में भूकंप से हिली जमीन, घरों से भागे लोग

भूकंप
भूकंप आने के बाद सड़कों पर इकट्ठा लोग।

आरयू वेब टीम। देश में शनिवार को मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आए भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों से निकलकर बाहर भागे। भूकंप की दहशत से काफी देर तक लोग इमारतों के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इन भूकंपों के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है, भूकंप की तीव्रता भले ही कम दर्ज हुई हैं, लेकिन एक ही दिन में देश के तीन राज्यों में भूकंप का आना चिंता का कारण है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र व हिमाचल में आया भूकंप, चार बार कांपी धरती

ये भूकंप हिमाचल प्रदेश के शिमला, मध्य प्रदेश के सिंगरौली और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से 140 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में भूकंप आने की जानकारी सामने आई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक शिमला में भूकंप की तीव्रता 4.1, जबकि सिंगरौली और अंबिकापुर के उत्तर-उत्तर पश्चिम में आए भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई।

हिमाचल में भूकंप केंद्र जमीन से दस किलोमीटर नीचे

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक शनिवार भोर में चार बजकर 36 मिनट और 27 सेकंड पर हिमाचल प्रदेश के शिमला में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र 31.298 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.529 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन से दस किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के पास भी भूकंप

शनिवार को ही छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से करीब 140 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में भी भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई। इस भूकंप का समय भी भोर में चार बजकर 36 मिनट और 27 सेकंड बताया गया है।

मध्य प्रदेश में 3.5 का भूकंप

वहीं, मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शनिवार दोपहर भूकंप आया। NCS के मुताबिक, भूकंप दोपहर दो बजकर 12 मिनट और 35 सेकंड पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी गई जानकारी के मुताबिक, सिंगरौली में भूकंप का केंद्र 24.239 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 82.502 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन से दस किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में आया भूकंप, जमीन से नौ किलोमीटर नीचे था केंद्र