आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समता मूलक चौक से डालीगंज के बीच इस महीने के आखिर तक शुरू होने वाले ग्रीन कॉरिडोर के नीचे लखनऊ विकास प्राधिकरण तीन स्पोर्ट्स एरीना बनाएगा। इन एरीना में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, पिकेल बॉल व बॉक्स क्रिकेट जैसी सुविधा मिलेगी। साथ ही बच्चों व युवाओं के लिए किड्स प्ले-एरिया व ओपन जिम भी रहेगा। तीनों एरीना को प्राइवेट कंपनी संचालित करेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज अपनी टीम के साथ ग्रीन कॉरिडोर का निरीक्षण करके इस बारे में अभियंताओं को निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें- नींद से जागे LDA ने सील कर दिया अपना ही हुसैनाबाद फूड कोर्ट, संचालन एजेंसी दबाए थीं 93 लाख
निरीक्षण के बाद एलडीए वीसी ने मीडिया से कहा है कि निशातगंज पुल, हनुमान सेतु व डालीगंज पुल के पास नवनिर्मित ग्रीन कॉरिडोर के नीचे काफी खाली जगह है। जहां लोगों के मनोरंजन व जरूरत के अनुसार सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए तीनों स्थानों पर बच्चों व युवाओं के लिए किड्स प्ले-एरिया, ओपन जिम व स्पोर्ट्स एरीना विकसित करने के निर्देश दिये गये हैं।
यह भी पढ़ें- ग्रीन कॉरिडोर: समता मूलक-निशातगंज रूट पर फर्राटा भरने के लिये करना होगा आपको और इंतजार
उपाध्यक्ष ने उदाहरण देते हुए कहा कि प्राधिकरण ने हाल ही में गोमती नगर में ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे स्पोर्ट्स एरीना विकसित किया है, जहां बास्केटबॉल व बैडमिंटन आदि की सुविधा है। इसी की तर्ज पर ग्रीन कॉरिडोर के नीचे भी खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
रोटरी पर स्कल्पचर्स, मीडियन पर लगवाएं पौधे
समतामूलक चौक से डालीगंज पुल तक ग्रीन कॉरिडोर निर्माण अंतिम चरण का निरीक्षण करते हुए वीसी ने आज नवनिर्मित चौराहों पर स्कल्पचर्स लगाने और मीडियन पर पौधरोपण कराने का निर्देश दिया है। साथ ही निशातगंज से हनुमान सेतु के बीच बनें स्ट्रेच में डबल आर्म स्ट्रीट लाइट्स लगवाने को कहा है।
यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल
खाटू श्याम मंदिर के पास बनेगी पार्किंग
वीसी ने कहाा कि ग्रीन कॉरिडोर के अंतर्गत निशातगंज से हनुमान सेतु के बीच सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण में पाया गया कि खाटू श्याम मंदिर के पास सड़क पर वाहन खड़े हो रहें। इसके अलावा सड़क किनारे पूजन सामग्री की अस्थायी दुकानें भी लगती हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने मंदिर प्रांगण के पास पार्किंग एवं वेंडिग जोन विकसित करने के निर्देश दिये। जिससे कि आने वाले समय में सड़क पर किसी तरह का अतिक्रमण न हो।
उर्मिला वन का आकर्षण बढ़ाने के लिए बनेगी स्लिप रोड
एलडीए द्वारा कुकरैल नाले के पास दूसरे विभाग की करीब 18 एकड़ जमीन पर उर्मिला वन विकसित किया जा रहा है। करोड़ों खर्च होने के बाद भी यहां लोग कुकैरल नाले से उठने वाली बद्बू व अन्य वजह से आसपास के इलाके के लोग भी वर्तमान में यहां नहीं आना चाहते। ऐसे में अब एलडीए ने कहा कि यहां आने-जाने के लिए बंधा रोड ही एक मात्र विकल्प है, जोकि काफी सकरी है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने कुकरैल नदी की तरफ से भी उर्मिला वन एवं रिवर फ्रंट को जोड़ने के लिए स्लिप रोड बनाने के निर्देश दिये। स्लिप रोड बनने से इन दोनों जगह आवागमन आसान होने की बात एलडीए कह रहा है।
यह भी पढ़ें- कुकरैल किनारे अब एलडीए बनाएगा उर्मिला वन, छोटे इमामबाड़े का गेट संवारने में खर्च करेगा छह करोड़
निरीक्षण के दौरान प्रथमेश कुमार के साथ एलडीए के एसई नवनीत शर्मा, पीआईयू प्रभारी ए.के. सिंह सेंगर व अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, अजीत कुमार व मनोज सागर समेत अन्य इंजीनियर व प्राइवेट कंपनी के कर्मी मौजूद रहें।




















