गांव में अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची LDA टीम पर हमला, ग्रामीणों ने पथराव कर तोड़ा बुलडोजर, पिटाई में ड्राइवर का सिर फूटा

गांव में अवैध निर्माण
हमले में घायल चालक व क्षतिग्रसत बुलडोजर।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार बुलडोजर चला रही लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम पर आज गांववालों का गुस्‍सा फूट पड़ा। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरनपुर गांव में आक्रोशित ग्रामीणों ने न सिर्फ अफसर-अभियंताओं पर हमला किया, बल्कि पथराव कर एलडीए के बुलडोजर भी क्षतिग्रस्‍त कर डाले, साथ ही बुलडोजर चालक की पिटाई कर उसका सिर भी फोड़ दिया। आक्रोशित गांववालों का कहना था कि एलडीए के अधिकारी लोगों पर दबाव बनाने के लिए खुद ही अवैध कार्रवाई करा रहें हैं। मौके पर निर्माण काफी पुराना है और वर्तमान में निर्माण चल भी नहीं रहा था। साथ ही उनके पास मंडलायुक्‍त का स्‍टे ऑर्डर भी मौजूद है।

वहीं प्राधिकरण का कहना है कि गांववालों ने प्रवर्तन टीम पर हमला करते हुए विभागीय दस्तावेज अधिकारियों से छीनने की कोशिश की और जेसीबी पर पथराव कर सरकारी काम में बाधा पहुंचायी है। इस मामले में एलडीए की तरफ से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए मोहनलालगंज कोतवाली में जोन दो के जेई विवेक यादव की ओर से तहरीर दी गयी है, हालांकि इंस्‍पेक्‍टर मोहनलालगंज ने किसी भी तहरीर मिलने की बात से इंकार किया है।

यह भी पढ़ें- कमिश्‍नर की सख्‍ती पर जागे LDA के अफसर, अवैध निर्माण की ठेकेदारी व लापरवाही मामले में 16 इंजीनियरों पर कार्रवाई, मचा हड़कंप

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि पूरनपुर गांव में राजपाल व अन्य ने करीब दो हजार वर्गफिट में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से नक्‍शा पास कराये बिना किये जा रहे उक्त निर्माण के विरूद्ध विहित प्राधिकारी न्यायालय ने ध्वस्तीकरण आदेश पिछले साल पारित किया था। आज इस निर्माण को तोड़ने के लिए प्रवर्तन जोन दो के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह अपनी टीम के एई सत्येन्द्र सोलंकी, जेई विभोर श्रीवास्तव व विवेक यादव समेत प्रवर्तन दस्‍ते के जवानों व कई बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे थें।

कार्रवाई शुरू होते ही ग्रामीणों ने जताया विरोध

सचिव ने कहा कि अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू ही की थी कि तभी दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोग वहां एकत्रित हो गये और टीम का विरोध करने लगे। इस दौरान हमलावरों ने प्रवर्तन टीम के साथ हाथापायी व मारपीट की और विभागीय फाइल छीनकर नष्ट करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं हमलावरों ने जेसीबी मशीन व सरकारी वाहनों पर पथराव कर दिया।

करोड़ों खर्च के बाद भी फेल रहा प्रवर्तन दस्‍ता

वहीं पथराव होता देख मौके पर भगदड़ मच गयी, कम उम्र का चालक जेसीबी लेकर भागने लगा तो ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पिटाई कर दी, जिससे चालक का सर फूट गया। लोग पिटते रहें, वाहन ग्रामीणों द्वारा तोड़े जाते रहें लेकिन इस पूरे बवाल के दौरान साल में सैलरी के नाम पर प्राधिकरण से करोड़ों रुपये लेने वाला प्रवर्तन दस्‍ता इसको रोकने में  फेल नजर आया।

मौके पर पहुंचे दो और जोनल अफसर, लेकिन…

वहीं प्राधिकरण की साख और रसूख पर बट्टा लगाने वाली घटना की जानकारी लगते ही एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने प्रवर्तन जोन सात के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार व प्रवर्तन जोन एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी को भी उनकी टीम के साथ मौके पर भेजा गया। हालांकि गांव में माहौल तनावपूर्ण होने के चलते तीनों ही टीमें अवैध निर्माण को पूरी तरह तोड़े बिना बैरंग लौट गयी।

यह भी पढ़ें- अब लोहिया पार्क में तैनात LDA कर्मी मिला अवैध निर्माण की ठेकेदारी में लिप्‍त, VC ने किया निलंबित

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि रात दस बजे तक इंस्‍पेक्‍टर मोहनलालगंज का कहना था कि उन्‍हें एलडीए की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। दिन में भी उन्‍हें घटना की सूचना नहीं मिली थीं। तहरीर मिलने पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अवैध प्‍लॉटिंग छोड़, खेत उजाड़ आए थें LDA के शातिर इंजीनियर, कमिश्‍नर को सबूत सौंप किसान ने लगाई गुहार, भू-माफियाओं के लिए काम कर रही प्रवर्तन की टीम

एलडीए उपाध्‍यक्ष का मोबाइल नंबर हुआ हैक, अलर्ट जारी

वहीं हमले की घटना के बाद सामने आया है कि एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार का प्राइवेट मोबाइल नंबर (999*****06) हैकरों ने हैक कर लिया है। इसके बाद रात करीब साढ़े दस बजे उपाध्‍यक्ष ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि इस नंबर से आने वाले किसी भी कॉल या मैसेज का अगली सूचना तक कोई भी प्रतिक्रिया न दे। वीसी ने कहा है कि लखनऊ पुलिस की साइबर सेल को घटना की जानकारी दी गयी है, जहां कार्रवाई की जा रही है।

वहीं रात 11 बजे के बाद बताया गया कि साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर को हैकरों के चंंगुल से बाहर निकाल लिया है, मोबाइल नंबर अब पूरी तरह सुरक्षित और सक्रिय है।

यह भी पढ़ें- निरीक्षण के दौरान CSI टावर की सातवीं मंजिल से एकाएक गिरी लिफ्ट, बाल-बाल बचे LDA VC व इंजीनियर, कंपनी पर FIR

गांव में अवैध निर्माण
इसी अवैध निर्माण के चलते हुआ बवाल।